इटावा। सीबीएसई ईस्ट जोन शूटिंग प्रतियोगिता में संत विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक अपने नाम किए। अंडर-17 आयु वर्ग की तीन सदस्यीय टीम ने 10 मीटर एयर राइफल पीप साइट टीम स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। टीम ने सीबीएसई नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।

रजत पदक जीतने वाली टीम में कक्षा 11-बी के देवांग शर्मा, कक्षा 11-डी के निशांत बघेल और कक्षा 8-डी के आर्यन भदौरिया शामिल रहे। तीनों निशानेबाजों ने सटीक निशाने और एकाग्रता का प्रदर्शन करते हुए टीम को दूसरे स्थान तक पहुंचाया। 10 मीटर एयर राइफल पीप साइट व्यक्तिगत स्पर्धा में निशांत बघेल ने भी शानदार प्रदर्शन किया और कांस्य पदक जीता। व्यक्तिगत स्पर्धा में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भी जगह बनाई।

सीबीएसई ईस्ट जोन शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन 8 से 11 अगस्त तक मिलेनियम वर्ल्ड स्कूल, पयागीपुर, सुल्तानपुर में हुआ था। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। स्कूल के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विद्यालय को गौरवान्वित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य/निदेशक डॉ. आनंद ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों के परिश्रम, अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम है। संस्था के चेयरमैन डॉ. विवेक यादव ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर सफलता की कामना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों से उम्मीद है कि वे सीबीएसई नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *