इटावा। बनकटी बुजुर्ग गांव के बच्चे और उनके अभिभावक मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने श्री गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा छह में नवीन प्रवेश न मिलने की शिकायत की। बच्चों की आंखों में पढ़ने की उम्मीद और भविष्य की चिंता साफ दिखाई दे रही थी।

जसवंतनगर ब्लॉक क्षेत्र के बनकटी बुजुर्ग गांव स्थित श्री गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा छह में प्रवेश नहीं लिए जा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय के प्रधानाचार्य रजनीश कुमार नए प्रवेश की प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ा रहे हैं। बच्चों और अभिभावकों ने अपना शिकायती पत्र नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर को सौंपा। नगर मजिस्ट्रेट ने उन्हें डीआईओएस अतुल कुमार सिंह के पास भेज दिया। ग्रामीण प्रताप नारायण और अवधेश ने बताया कि वे बीते पांच माह से प्रवेश के लिए चक्कर काट रहे हैं। यह विद्यालय गांव और आसपास के परिवारों के लिए बच्चों की पढ़ाई का महत्वपूर्ण सहारा है।

दाखिला न मिलने पर बच्चों को दूर के विद्यालयों में भेजना पड़ेगा। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह आसान नहीं होगा। नया सत्र शुरू हुए लगभग पांच महीने बीत चुके हैं, पर कोई सुनवाई नहीं हुई है। इससे बच्चों की पढ़ाई भी पिछड़ रही है। डीएम कार्यालय पहुंचे बच्चों को किसी विवाद से मतलब नहीं था। वे केवल अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहते हैं।

स्कूली बैग के साथ शिकायती पत्र लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे लक्ष्मी, पल्लवी, शालिनी, अंबिका और वंश ने अपनी बात रखी। उन्होंने कक्षा पांच तक की पढ़ाई गांव के ही प्राथमिक विद्यालय से की है। अब उन्हें कक्षा छह में प्रवेश लेना है, लेकिन उन्हें रोका जा रहा है। अभिभावकों की मुख्य चिंता बच्चों के भविष्य को लेकर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

अभिभावकों की बात

फोटो 30::विजय त्रिपाठी। संवाद

बनकटी बुजुर्ग निवासी विजय त्रिपाठी ने बताया कि उन्हें अपनी बेटी अंबिका का प्रवेश कक्षा छह में करवाना है। विद्यालय में प्रवेश ही नहीं हो पा रहा है। कई बार शिकायत कर चुके लेकिन आश्वासन के सिवा कुछ हासिल नहीं होता है।

फोटो 31::भागीरथ। संवाद

बच्चों के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे बनकटी बुजुर्ग निवासी भागीरथ ने बताया कि उनकी बेटी शालिनी का प्रवेश भी कक्षा छह में होना है। आर्थिक स्थिति अच्छी न होने से गांव के बाहर किसी विद्यालय में प्रवेश के लिए सक्षम नहीं है। प्रवेश न होने से बेटी की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

प्रधानाचार्य का पक्ष

विद्यालय का भवन पूरी तरह जर्जर है, प्रबंधक की ओर से किसी भी हादसे की जिम्मेदारी लेने से मना कर दिया गया है। ऐसे में वह प्रवेश लेने में सक्षम नहीं है। जर्जर भवन के गिरने से कभी भी हादसा हो सकता है। इसके लिए उच्चाधिकारियों को भी अवगत करवा दिया गया है। -रजनीश कुमार, प्रधानाचार्य, श्री गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बनकटी बुजुर्ग

वर्जन

श्री गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बनकटी बुजुर्ग के बच्चे और कुछ अभिभावक आये थे। प्रवेश से संबंधी समस्या थी जिसके समाधान के लिए संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य को बच्चों के तुरंत प्रवेश के लिए निर्देशित कर दिया है। बच्चों की पढ़ाई में किसी भी प्रकार व्यवधान उत्पन्न नहीं होने दिया जाएगा।

अतुल कुमार सिंह, डीआईओएस



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें