चकरनगर। जंगली जानवरों से फसलों की रखवाली के लिए खेतों के आसपास हाईटेंशन लाइन से कटिया डालने का सिलसिला ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गया है। इससे बिजली आपूर्ति बाधित होने के साथ ही जानलेवा हादसों का खतरा भी बढ़ रहा है। रविवार रात चकरनगर विद्युत उपकेंद्र के अहेरिया-2 फीडर की आपूर्ति रात 10 बजे से सुबह तीन बजे तक ठप रही। इससे उदी मार्ग के आसपास बसे करीब 20 गांवों के हजारों ग्रामीणों को पांच घंटे अंधेरे में गुजारने पड़े। विद्युत कर्मियों के प्रयास के बावजूद समय से आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
अहेरिया ग्रामीण फीडर से निकली हाईटेंशन और एलटी लाइनों से खेतों के आसपास अवैध रूप से तार डालकर बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा है। सर्दी शुरू होते ही जंगली जानवरों से फसलों को बचाने के लिए किसान खेतों के चारों ओर कटिया डालने लगते हैं। इससे लाइन में फाल्ट आने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या बढ़ जाती है। फीडर से जुड़े अहेरिया, नीमडांडा, बरचोली, जगतोली, मितरौल, गोहरा, बलियापुरा, चीकना, फूटाताल, नगला कढ़ोरी, नगला पिलुआ, बरेछा, नगला बेर, रुजिया, जौनानी, नगला मथुरी, कंधेसी, गढ़िया, रूरा, कसऊआ, ददरा और सगरा सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीण अभिलाख यादव, हरिविलास यादव, अविनाश चौहान, हरिप्रकाश तिवारी, राजाबाबू राजपूत, जनवेद सिंह और केशव सिंह का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अवैध कटिया डालने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इससे आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित होती है और हादसों का डर बना रहता है।
कटिया की चपेट में आने से किशोरी का काटना पड़ा था पैर
हाईटेंशन लाइन से अवैध तार डालना जानलेवा साबित हो रहा है। करीब छह माह पहले जौनानी गांव की एक किशोरी अर्चना खेतों में डाली गई अवैध कटिया की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई थी। उसकी जान बचाने के लिए चिकित्सकों को उसका पैर काटना पड़ा था। इसके बावजूद अवैध कटिया पर अंकुश नहीं लगने से ग्रामीणों में चिंता है।
वर्जन
खेतों में जंगली जानवर से फसल बचाने के लिए हाईटेंशन लाइन से कटिया डालने की सूचना मिली है। लाइनमैन और विद्युत कर्मियों को समस्या का हल निकालने का कड़े निर्देश दिए हैं। हाईटेंशन लाइन से तार डालना गंभीर अपराध है उससे जिंदा आदमी जल सकता है। अगर अब कहीं से कटिया डालने की सूचना मिलती है तो प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। विद्युत विभाग की टीम रात को भी गश्त पर रहेगी। -अनिल कुमार, एसडीओ चकरनगर।

