इटावा। बढ़पुरा पुलिस ने सोमवार रात चेकिंग के दौरान चंबल पुल के पास मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से तमंचा, देशी पिस्टल, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई। अंधेरे का फायदा उठाकर एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
सोमवार रात बढ़पुरा पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार चार युवक मध्य प्रदेश की ओर से असलहा लेकर चंबल पुल होते हुए आ रहे हैं। सूचना पर चंबल पुल पिकेट को सतर्क करते हुए पुलिस टीम ने बाइक की घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही बाइक सवार उदी की ओर भागने लगे। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में वैदपुरा के नगला सेवाराम निवासी लवकुश यादव, रायनगर का अमित और जसवंतनगर के भैंसान निवासी सुरजीत बघेल हैं। वहीं, परसऊआ का प्रांशू अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया आरोपियों के पास से एक तमंचा, चार कारतूस व एक देशी पिस्टल बरामद की है। बिना नंबर प्लेट की बाइक को सीज किया गया है। कार्रवाई के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
