Girl dies after receiving an injection from a quack; family creates an uproar

फोटो 28:: तनु। फाइल फोटो

इकदिल। झोलाछाप के इंजेक्शन लगाने के बाद बालिका की मौत से आक्रोशित परिजन शव लेकर थाने पहुंच गए। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग लेकर हंगामा किया। पुलिस ने परिजन को समझा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


रामनगर बुआपुर निवासी अखिलेश कुमार की बेटी तनु (07) कक्षा एक की छात्रा थी। सोमवार दोपहर अचानक उसे बुखार आ गया। इस पर उसका भाई दीपक उसे गांव में दुकान चलाने वाले झोलाछाप के पास दवा दिलाने ले गया। दीपक ने आरोप लगाते हुए बताया कि वहां झोलाछाप ने तनु को इंजेक्शन लगाया। इसके कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई।

बालिका की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन में पक्का बाग स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद आक्रोशित परिजन बालिका का शव ऑटो में रखकर थाने पहुंच गए और कथित झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। तनु दो भाइयों के बीच इकलौती बहन थी।

उसके पिता छत्तीसगढ़ में फेरी लगाकर बाल बेचने का काम करते हैं। मासूम की मौत से मां संगीता और दोनों भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि परिजन ने डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।

फोटो 28:: तनु। फाइल फोटो

फोटो 28:: तनु। फाइल फोटो



Source link