इटावा। नगर क्षेत्र में विकास कार्यों की राह में बिजली के ट्रांसफार्मर और 11 केवी लाइन को लेकर नगर पालिका और बिजली निगम के बीच खींचतान सामने आई है। नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन और वर्तमान चेयरमैन के पति संटू गुप्ता ने सोशल मीडिया के माध्यम से बिजली निगम के अधिकारियों पर ट्रांसफार्मरों को समय से शिफ्ट न करने का आरोप लगाया है। उन्होंने सवाल उठाया कि नगर पालिका की ओर से शिफ्टिंग का शुल्क जमा कराए जाने के बाद भी कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर नहीं हटाए जा रहे हैं।
पूर्व चेयरमैन ने आरोप लगाया कि नगर क्षेत्र में कई जगह नालों का निर्माण पूरा होने के बावजूद उनके बीच या आसपास लगे ट्रांसफार्मरों को नहीं हटाया गया है। उनका कहना है कि नगर पालिका की ओर से विकास कार्य कराए जाने के दौरान यदि खंभा या ट्रांसफार्मर हटाने की जरूरत पड़ती है तो बिजली निगम की ओर से धनराशि की मांग की जाती है, लेकिन धनराशि जमा होने के बाद भी काम में देरी होती है। उन्होंने बिजली निगम के उच्चाधिकारियों से मामले में निष्पक्षता से काम करने और राजनीति से ऊपर उठकर विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की है।
ये पत्र वायरल
पूर्व चेयरमैन ने टिक्सी तिराहे पर स्वागत द्वार निर्माण के बीच आ रही 11 केवी लाइन को शिफ्ट कराने के लिए बिजली निगम के अधिशासी अभियंता कार्यालय की ओर से नगर पालिका को पत्र भेजा गया था। इसमें स्थलीय निरीक्षण के बाद 13,77,499 रुपये की लागत का प्राक्कलन तैयार किए जाने की जानकारी दी गई। इसके साथ 10 हजार रुपये प्रक्रिया शुल्क समेत कुल 13,87,499 रुपये जमा कराने को कहा गया था। इसी तरह जल निकासी के लिए बनाए जा रहे नाले के रास्ते में आने वाले ट्रांसफार्मरों को दूसरे स्थान पर स्थापित कराने के संबंध में भी पत्राचार हुआ। इसमें रामलीला मैदान के पास समेत संबंधित स्थानों पर लगे ट्रांसफार्मरों को स्थानांतरित करने के लिए 6,54,188 रुपये का प्राक्कलन और 10 हजार रुपये प्रक्रिया शुल्क समेत कुल 6,64,188 रुपये जमा कराने का उल्लेख है।
एक्सईएन बोले- शुरू करा दिया गया है काम
बिजली निगम शहर के एक्सईएन हनुमान प्रसाद मिश्रा ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पूरा काम निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कराया जा रहा है। ट्रांसफार्मर और तारों को हटाने का काम शुरू करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका के विकास कार्यों में बिजली निगम की ओर से अनावश्यक अड़चन नहीं डाली जा रही है। प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई लगातार की जा रही है।
वर्जन
ट्रांसफार्मर और तारों को हटाने के लिए बिजली निगम की ओर से निर्धारित की गई धनराशि को जमा करवा दिया गया हैं। काम समय से शुरू हों इसके लिए पत्राचार किया जा रहा हैं। शिफ्टिंग न होने से पालिका के काम प्रभावित हों रहे हैं। – संतोष कुमार मिश्र, ईओ
