Liquor shop shutter broken into; liquor worth one lakh rupees and six thousand rupees in cash stolen.

फोटो 21:: गद्दीदार से जानकारी करती पुलिस। संवाद

चकरनगर। सहसों थाना क्षेत्र के पिपरौली गढ़िया गांव में फूप-चौरेला मार्ग किनारे स्थित शराब के ठेके को चोरों ने निशाना बनाया। बृहस्पतिवार देर रात शटर का ताला तोड़कर चोर एक लाख रुपये से अधिक कीमत की शराब और छह हजार रुपये चोरी कर ले गए। चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी उखाड़कर ले गए।


सुबह करीब सात बजे खेतों में फसल की रखवाली कर लौट रहे किसानों ने शराब ठेके का शटर खुला और ताला टूटा देखा। उन्होंने मकान मालिक सत्यपाल सिंह को इसकी जानकारी दी। मकान मालिक मौके पर पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने ठेका संचालक ब्रजकिशोर और सेवेंद्र कुमार को सूचना दी। कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अनुज अवस्थी और चौकी इंचार्ज लक्षण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और गद्दीदार से पूछताछ कर चोरी गए सामान की जानकारी जुटाई। ठेके के गद्दीदार ब्रजकिशोर ने बताया कि चोर एक पेटी किंगफिशर बीयर, तीन ट्यूब बीयर, 79 पौआ रॉयल एप्पल, 993 पौआ मस्ती और छह हजार रुपये ले गए हैं।

दुकान में शराब की 100 से अधिक पेटियां छोड़ गए। चोरी गए सामान की कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई गई है। सीओ अभयनारायण राय ने बताया कि पीआरवी को चोरी की सूचना मिली थी। थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। घटना की जांच की जा रही है।



Source link