चकरनगर। क्वारी नदी में आई बाढ़ का पानी कम होने के बाद नदी किनारे दलदल हो गया है, जो गोवंशों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। शुक्रवार शाम को एक गोवंश पानी की तलाश में नदी किनारे पहुंचा और दलदल में फंस गया। ग्रामीणों ने लगभग छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसकी जान बचाई।
सिंडौस के मजरा नोरगा खोड़न के पास शुक्रवार शाम पांच बजे यह घटना हुई। गोवंश दलदल में गहरे कीचड़ में धंस गया और बाहर नहीं निकल सका। हृदेश शर्मा ने दलदल में फंसे गोवंश को देखकर ग्रामीणों को सूचना दी। इस पर सचिन गुर्जर, हिमांशु शर्मा, जयवीर गुर्जर, अंकित गुर्जर, शिव कुमार पाल, चुन्ने पंडित और सुनील सहित कई युवा मौके पर पहुंचे। युवाओं ने दलदल में उतरकर रस्सियों के सहारे गोवंश को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।
यह बचाव अभियान शाम पांच बजे से शुरू होकर रात 12 बजे तक चला। करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवाओं ने गोवंश को सुरक्षित दलदल से बाहर निकाल लिया। इस प्रयास से गोवंश की जान बच गई। महाराणा प्रताप सेवा संस्थान ने गोवंश को सुरक्षित बाहर निकालने वाले इन युवाओं को सम्मानित करने की घोषणा की है।
