भरथना (इटावा)। थाना क्षेत्र के ढकपुरा गांव में पुत्र की मौत के कुछ देर बाद बीमार मां ने भी दम तोड़ दिया। मां-बेटे की एक साथ मौत से पूरे गांव में मातम छा गया। शनिवार सुबह शोकाकुल माहौल में दोनों का अंतिम संस्कार किया गया।
ढकपुरा गांव निवासी राकेश पाठक (55) पिछले पांच साल से अधिक समय से जयपुर में शटरिंग का काम करते थे। शुक्रवार को जयपुर में दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई। राकेश की पत्नी कुमकुम का करीब दो वर्ष पहले निधन हो चुका था। उनके तीन पुत्र अभिषेक, अनिकेत और लवकेश जयपुर में उनके साथ रहते थे। शुक्रवार देर शाम करीब आठ बजे राकेश पाठक का पार्थिव शरीर उनके पैतृक आवास ढकपुरा पहुंचा।
परिजन अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटे थे। इसी दौरान उनकी 80 वर्षीय मां रामवती ने भी दम तोड़ दिया। रामवती पहले से बीमार चल रही थीं। एक ही दिन मां-बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार सुबह राकेश पाठक को उनके पुत्र अभिषेक ने मुखाग्नि दी। रामवती को उनके बड़े पुत्र रामकिशोर ने मुखाग्नि दी। इस दौरान ग्रामीणों ने शोकाकुल परिजनों को ढाढ़स बंधाया और दिवंगत मां-बेटे को श्रद्धांजलि अर्पित की। संवाद

फोटो 23:::राकेश। फाइल फोटो
