इटावा। चौबिया थाना क्षेत्र के मुगलपुरा गांव में सुपर सीडर मशीन की चपेट में आने से जान गंवाने वाले युवक का शव पोस्टमार्टम के बाद बृहस्पतिवार को गांव पहुंचा। शव घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जवान बेटे की मौत से माता-पिता और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गमगीन माहौल में परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार किया।
नगला हरजू निवासी इंदल सिंह का बेटा संजीव कुमार (28) चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। संजीव के भाई दिनेश ने बताया बुधवार शाम वह अपने बड़े भाई राजीव कुमार के साथ मुगलपुरा गांव के खेत में गेहूं की बोआई करने गया था। दोनों ट्रैक्टर में लगी सुपर सीडर मशीन से खेत तैयार कर रहे थे। इसी दौरान मशीन की चपेट में आने से संजीव की मौत हो गई थी। गर्दन धड़ से अलग हो गई थी।
हादसे की जानकारी मिलते ही गांव के लोग और रिश्तेदार परिवार को सांत्वना देने पहुंचने लगे। थाना प्रभारी महेंद्र कुमार ने बताया बुधवार रात शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।