इटावा। सैफई थाने में तैनात वर्ष 2019 बैच की महिला सिपाही ने प्रताड़ना से परेशान रविवार रात सल्फास खाकर जान दे दी। पिता की तहरीर पर सिविल लाइन पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके आरोपी पति रजत को गिरफ्तार कर लिया है। पिता ने आरोप लगाया है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति अतिरिक्त रुपये की मांग को लेकर बेटी को प्रताड़ित करता था। उस पर लोन कराने का दबाव बनाया जाता था और आए दिन मारपीट भी की जाती थी।

सिपाही प्रियंका (30) सहारनपुर के थाना रामपुर मनिहारान के सिंहखेड़ा निवासी पति रजत और डेढ़ वर्षीय बेटी के साथ पुलिस लाइन में रह रही थी। रविवार को प्रियंका पुलिस लाइन के पास ही लगने वाले संडे बाजार गई थी। शाम करीब साढ़े पांच बजे वह लौटी तो पति ने देर से आने का आरोप लगाते हुए अपशब्द कहने शुरू कर दिए। इसे लेकर दोनों में विवाद बढ़ गया। आरोप है कि विवाद के बाद रजत घर से बाहर चला गया। करीब दो घंटे बाद करीब सात बजे पति के घर लौटने पर प्रियंका घर में अचेत मिली। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर सैफई आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।

सहारनपुर के थाना नकुड़ क्षेत्र के रामगढ़ निवासी नाथीराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि प्रियंका की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही पति अतिरिक्त रुपये की मांग को लेकर उसे परेशान करने लगा था। पिता के मुताबिक रजत प्रियंका से सात लाख रुपये का लोन कराने की मांग कर रहा था। इससे पहले भी प्रियंका के नाम पर कार और बाइक निकलवाई गई थी। शादी से पहले भी दो लाख रुपये का लोन कराकर रजत को दिए जाने का आरोप लगाया गया है। बेटी की शादी के लिए परिवार ने करीब दो बीघा जमीन बेची थी। शादी में नकदी और घरेलू सामान भी दिया गया था। इसके बावजूद पति की मांग कम नहीं हुई। आए दिन प्रियंका के साथ मारपीट करता था। प्रताड़ना से परेशान होकर पिछले साल प्रियंका करीब आठ महीने तक मायके में भी रही थी। बाद में परिवार ने समझौता कराकर उसे वापस ससुराल भेजा था। प्रियंका के भाई सौरभ कुमार ने भी आरोप लगाया कि बहन का वेतन पति निकाल लेता था। पहले 10 लाख रुपये के लोन का दबाव बनाया गया था, जिसे प्रियंका ने चुका दिया था। इसके बाद दोबारा लोन लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। हालांकि, लोन की रकम को लेकर पिता की तहरीर में सात लाख रुपये की मांग का उल्लेख है। पिता का आरोप है कि पति बेटी को मायके वालों से बातचीत करने से भी रोकता था। परिवार के लोगों के मुताबिक करीब छह महीने पहले तक प्रियंका से फोन पर बातचीत होती थी, लेकिन इसके बाद संपर्क काफी कम हो गया था।

एसआई बनने का सपना रह गया अधूरा

पिता ने बताया कि चार भाई-बहनों में प्रियंका सबसे छोटी थी। वह पढ़ाई में बहुत तेज थी। उसने हाल ही में एसआई की परीक्षा दी थी। लेकिन, मेरिट ज्यादा होने से उसका चयन नहीं हो सका था। पति रजत बेरोजगार है। एक ही समाज के हैं, दोनों के बीच जान-पहचान हो गई थी। इसी बीच प्रियंका की सिपाही पद पर नौकरी लग गई। वह शुरू से इस रिश्ते से राजी नहीं थे, लेकिन प्रियंका ने परिवार वालों के खिलाफ जाकर रजत से शादी की थी। शादी के बाद रजत और प्रियंका पुलिस लाइन में रहने लगे। इस बीच उनके 2 बेटियां हुईं। बड़ी बेटी 3 साल की है और अपनी दादी के पास रहती है। छोटी बेटी एक साल की है। वह रजत और प्रियंका के साथ रहती है।

वर्जन

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पति से विवाद के बाद प्रियंका ने जहर खाया था। पिता की तहरीर के आधार पर दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी पति रजत को गिरफ्तार कर लिया गया है। – बृजेश कुमार श्रीवास्तव, एसएसपी



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *