इटावा। युवा कार्यक्रम एवं खेल विभाग के माय भारत की ओर से चलाए जा रहे नशा मुक्त युवा और विकसित भारत अभियान के तहत नारायण कॉलेज ऑफ साइंस एंड आर्ट्स में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। नुक्कड़ नाटक, भाषण, कविता पाठ, नारा लेखन, लोक नृत्य, रील मेकिंग और पेंटिंग प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया। भाषण प्रतियोगिता में इरम वारसी ने प्रथम स्थान हासिल किया।
वहीं विधि चौहान को दूसरा और पूर्णिमा त्रिपाठी को तीसरा स्थान हासिल हुआ। नुक्कड़ नाटक में चौधरी सुघर सिंह नर्सिंग कॉलेज जसवंतनगर ने प्रथम, कलावती बालिका इंटर कॉलेज ने द्वितीय स्थान हासिल किया। लोक नृत्य में डेजलर डांस एकेडमी प्रथम, महेवा ब्लॉक की टीम द्वितीय और जन सहयोगी बालिका इंटर कॉलेज तृतीय रहा। कविता पाठ में तृप्ति प्रथम, मनीषा द्वितीय और प्रियंका राजपूत तृतीय रहीं। नारा लेखन में शिवा यादव प्रथम, गोपाल द्वितीय और आयुष तृतीय रहे। रील मेकिंग में गोपाल प्रथम और धरती सेवा द्वितीय रहे। पेंटिंग प्रतियोगिता में खुशी प्रथम, सुलेखा द्वितीय और सुशांत तृतीय स्थान पर रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक सरिता भदौरिया ने किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना जरूरी है। इसके लिए जगह-जगह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए।
माय भारत की उपनिदेशक सोनिका चंद्रा ने बताया कि अभियान का वर्चुअल शुभारंभ दो अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। इसके तहत 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य सचिन यादव और कॉलेज के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र शर्मा ने भी विचार रखे। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने नुक्कड़ नाटक, कविता, भाषण और लोक नृत्य के माध्यम से नशे से दूर रहने का संदेश दिया। लोगों को नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प भी दिलाया गया। निर्णायक मंडल में डॉ. निधि पांडे, मीना सिंह, चित्रा सिंह, डॉ. राजीव राज, रामजन्म सिंह, प्रीति यादव और पवन कुमार शामिल रहे।
