इटावा। 70वीं जिलास्तरीय यूपी बोर्ड ताइक्वांडो प्रतियोगिता की चयन प्रक्रिया रविवार को बौद्ध विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रांगण में हुई। जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सात खिलाड़ियों का चयन कानपुर में होने वाली मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।
अंडर-14 वर्ग में लॉर्ड कृष्णा स्कूल के कृष्णा का अंडर-35 किग्रा और आयुष का अंडर-32 किग्रा भार वर्ग में चयन हुआ। वहीं, अंडर-17 वर्ग में ज्ञान सागर विद्यालय के अंश, राजकीय इंटर कॉलेज के कृष्णा (अंडर-45 किग्रा), शिवाजी शिक्षा निकेतन के रवि (अंडर-48 किग्रा), शिव बलवंत महाराज सिंह यादव इंटर कॉलेज के हर्षित भदौरिया (अंडर-59 किग्रा) और डायनेमिक पब्लिक स्कूल की नेत्री देवी (अंडर-32 किग्रा) ने मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में जगह पक्की की। डीआईओएस अतुल कुमार सिंह व डॉ. मुकेश यादव कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। निर्णायक मंडल में राज शर्मा, दीक्षा यादव, पारुल यादव, श्याम जी सक्सेना और हरि गोविंद सिंह शामिल थे। प्रधानाचार्य राधेश्याम शाक्य, जिला क्रीड़ा सचिव (माध्यमिक) हिमांशु यादव, एसोसिएशन के सचिव हिमांशु यादव, सह-सचिव रोहित द्विवेदी, कोषाध्यक्ष नबीला और जिला मीडिया प्रभारी तरुण रंजन गुप्ता ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
