भरथना। भरथना-साम्हो रेलवे स्टेशन के मध्य डाउन लाइन पर बृहस्पतिवार की रात ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत के मामले में शुक्रवार को शव की शिनाख्त हुई। मृतक की पहचान सुजीपुरा निवासी अमन (19) पुत्र अशोक कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।

अशोक कुमार ने बताया कि उनका बेटा अमन गुजरात में कागज की फैक्टरी में काम करता था। करीब आठ दिन पहले ही वह घर आया था। बृहस्पतिवार शाम अमन अपना मोबाइल घर पर छोड़कर किसी काम से बाहर निकल गया था। देर रात तक वापस न आने पर परिजन ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। शुक्रवार को परिजन अमन की तलाश करते हुए थाने पहुंचे। वहां पुलिस ने उन्हें अज्ञात शव के बारे में जानकारी दी।

शव के पैर की अंगुलियों और अन्य पहचान के आधार पर अशोक कुमार ने शव की शिनाख्त इकलौते बेटे अमन के रूप में की। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अशोक कुमार ने बताया कि उनकी तीन बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। अमन की मां की करीब 15 वर्ष पहले मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि अमन रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा और किस ट्रेन की चपेट में आया, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।

प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि अज्ञात शव की पहचान के बाद पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया गया। पुलिस युवक के ट्रेन की चपेट में आने की परिस्थितियों की भी जानकारी जुटा रही है।

………………………………..

अनन्या एक्सप्रेस की चपेट में आने से सर्राफा व्यापारी की हुई थी मौत

भरथना रेलवे स्टेशन और फाटक संख्या 20-बी के बीच शुक्रवार सुबह अनन्या एक्सप्रेस की चपेट में आए व्यक्ति की पहचान राजेंद्र वर्मा (56) निवासी मोहल्ला महावीर नगर के रूप में हुई। शुक्रवार सुबह करीब 8:20 बजे कानपुर की ओर से टूंडला की तरफ जा रही अनन्या एक्सप्रेस भरथना रेलवे स्टेशन से आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय राजेंद्र वर्मा ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पहचान का प्रयास शुरू किया। बाद में परिजनों ने शव की शिनाख्त राजेंद्र वर्मा के रूप में की। राजेंद्र वर्मा सर्राफा की दुकान चलाते थे। उनके पुत्र गौरव ने बताया कि पिता इटावा जाने की बात कहकर घर से निकले थे। हादसे की जानकारी मिलने के बाद पत्नी पूनम समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

फोटो 08: अमन की फाइल फोटो। स्रोत: परिजन

फोटो 08: अमन की फाइल फोटो। स्रोत: परिजन



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें