फोटो 32:: चोरी के बाद खुली पड़ी अलमारी व बिखरा पड़ा सामान। स्रोत स्वयं
= एक सप्ताह में दूसरी बड़ी वारदात, छत के रास्ते घुसे चोरों ने दिया वारदात को अंजाम
= गांव में दूसरे मकान का ताला तोड़कर भी चोरी का प्रयास
संवाद न्यूज एजेंसी
ताखा। ऊसराहार थाना क्षेत्र में लूट चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। एक सप्ताह के भीतर दूसरी बड़ी वारदात ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरसईनावर के दौलतपुर गांव स्थित एक रोडवेज चालक के मकान का ताला तोड़कर चोर करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 50 हजार रुपये की नकदी ले गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
दौलतपुर निवासी सतीश कुमार रोडवेज में चालक हैं। सतीश ने बताया कि गुरुवार रात वह ड्यूटी से लौटने के बाद घर की छत पर सो गया था। पत्नी बच्चों के साथ मायके गई हुई है। सुबह नीचे आए तो घर का मुख्य दरवाजा, सीढ़ियों का दरवाजा खुला मिला और कमरे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरे में सामान बिखरा पड़ा था व बक्से और अलमारी के ताले टूटे हुए थे। जांच करने पर पता चला कि चोर छत के रास्ते घर में घुसे और अलमारी में रखे 50 हजार रुपये नकद और जेवर चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान में सोने की जंजीर, कंठी, तीन लेडीज अंगूठियां, दो जेंट्स अंगूठियां, चार चूड़ियां, एक बेंदा, एक बाजूबंद, चांदी के तोड़े, तीन जोड़ी पायल और कमरबंध सहित करीब 15 लाख रुपये का सामान शामिल है।
वहीं, गांव के ही शिवपाल सिंह के घर का भी चोरों ने कमरे के ताले तोड़े लेकिन उनके जागने के बाद बिना कुछ लिए भाग गए। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि एक सप्ताह में यह दूसरी चोरी है, बावजूद इसके पुलिस अपराधियों पर अंकुश लगाने में सफल नहीं हो पा रही है। 18 अगस्त को कौआ गांव में गायत्री शक्ति मंदिर के संचालक प्रवीन तिवारी की पत्नी शालिनी के कान के कुंडल मंदिर में कूदकर बदमाश ले गए थे। बदमाशों के साथ हाथापाई में उनके दांत भी टूट गए थे। जिसमें पुलिस ने मामला तो दर्ज कर लिया लेकिन आरोपी अभी तक गिरफ्त से बाहर हैं। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया जल्द ही चोरी की खुलासा किया जाएगा।
