इटावा। शहर में आतिशबाजी की दुकानों में सुरक्षा मानकों की जमकर अनदेखी की जा रही है। डीएम की ओर से गठित टीम ने सोमवार को धूमनपुरा मोहल्ले में पांच आतिशबाजी दुकानों की जांच की तो सभी में गंभीर अनियमितताएं मिलीं। किसी दुकान पर लाइसेंस की क्षमता से अधिक पटाखों का भंडारण मिला तो कहीं दुकान के साथ ही घर में आतिशबाजी का स्टॉक रखा मिला। एक दुकान पर तो लाइसेंस की क्षमता से करीब 10 गुना अधिक आतिशबाजी का स्टॉक मिला।

एसडीएम सदर मनोज पाठक, सीओ सिटी अवनीश कुमार, अग्निशमन अधिकारी सत्येंद्र पांडे और कोतवाली इंस्पेक्टर यशवंत सिंह की टीम ने धूमनपुरा स्थित राजधानी फायर, श्री महावीर इंटरप्राइजेज, एजे ट्रेडर्स, चंद्र एंड संस और सीवी इंटरप्राइजेज पर छापा मारकर जांच की। जांच के दौरान पांचों दुकानों पर लाइसेंस में निर्धारित क्षमता से अधिक आतिशबाजी का भंडारण पाया गया। सबसे चौंकाने वाली स्थिति सीवी इंटरप्राइजेज में मिली। यहां लाइसेंस की निर्धारित क्षमता से करीब 10 गुना अधिक आतिशबाजी का स्टॉक पाया गया। इसके अलावा अधिकतर दुकानदारों ने अपने घरों में भी आतिशबाजी का स्टॉक कर रखा था। कई स्थानों पर दुकान और मकान एक ही परिसर में संचालित होते मिले। एसडीएम सदर मनोज पाठक ने बताया कि जांच की रिपोर्ट डीएम को भेज दी गई है। आगे जो भी निर्देश प्राप्त होंगे, उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

जांच के दौरान टीम ने दुकानदारों से अग्निशमन उपकरणों को चलाकर दिखाने को कहा। इस पर कोई भी दुकानदार उपकरणों का संचालन नहीं कर सका। इससे दुकानों में आग लगने की स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *