उरई। जालौन-गरौठा-भोगनीपुर संसदीय क्षेत्र से सपा सांसद एवं संसद की रेल समिति के सदस्य नारायणदास अहिरवार के उरई रेलवे स्टेशन के निरीक्षण में मिली खामियों को रेल प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। सांसद की नाराजगी के बाद उत्तर-मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने झांसी मंडल के अधिकारियों से जवाब मांगा है। वहीं, झांसी मंडल के डीआरएम अनुरुद्ध कुमार ने भी मंडलीय अधिकारियों के साथ स्टेशन अधीक्षक से सांसद द्वारा इंगित की गई कमियों पर जवाब तलब किया है।

सांसद ने रविवार को उरई स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं और स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। निरीक्षण के दौरान उन्हें कई कमियां मिली थीं। इस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की थी। इसके बाद रेलवे प्रशासन में खलबली मच गई।

सांसद के निरीक्षण में सामने आईं कमियों को लेकर अब मंडल स्तर पर जवाब तैयार किया जा रहा है। अधिकारियों से यह भी पूछा गया है कि स्टेशन पर मिली अव्यवस्थाओं को दूर करने के लिए क्या कार्रवाई की गई। साथ ही सांसद द्वारा उठाए गए बिंदुओं पर क्या सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। इसका भी ब्योरा मांगा गया है।

निरीक्षण के बाद अधिकारियों में बढ़ी सक्रियता

सांसद के निरीक्षण के बाद रेलवे के स्थानीय और मंडलीय अधिकारियों की सक्रियता बढ़ गई है। स्टेशन पर व्यवस्थाओं की समीक्षा के साथ ही संबंधित विभागों से कमियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों द्वारा तैयार किया जा रहा जवाब उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। सांसद के निरीक्षण को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि वह संसद की रेल समिति के सदस्य हैं। ऐसे में स्टेशन की व्यवस्थाओं को लेकर उनके मुद्दों पर रेलवे के उच्चाधिकारियों ने संज्ञान लिया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *