इटावा। बदलते मौसम में वायरल में तेजी से फैल रहा है। एक-दो दिन बुखार आने के बाद लोगों की प्लेटलेट्स तेजी से गिर रही हैं। ऐसे में मरीज प्लेट्स बढ़ाने के लिए दवा के साथ नारियल पानी का अधिक सेवन कर रहे हैं, इससे नारियल पानी की बिक्री में तेजी आई हैं। दुकानदारों ने 60 में बिकने वाले नारियल पानी के दाम 70 रुपये कर दिए हैं।
बारिश के बाद मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के बाद वायरल बुखार के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। जिला अस्पताल के आंकड़ों के मुताबिक हर रोज 60 से अधिक मरीज वायरल फीवर के आ रहे हैं। इसमें एक दो दिन के तेज बुखार में मरीजों की प्लेट्स 40 से 50 पहुंच जा रही हैं। ऐसे में डॉक्टर जांच रिपोर्ट के बाद दवा के साथ अधिक से अधिक तरल पदार्थ पीने की सलाह दे रहे हैं। इसमें नारियल पानी सबसे फायदेमंद हैं। ऐसे में मरीज समेत सामान्य लोग नारियल पानी का अधिक सेवन कर रहे हैं। इससे नारियल पानी की बिक्री में अधिक उछाल आया है। नारियल विक्रेता संजीव कुमार ने बताया कि वह पहले दिनभर में 40 से 50 नारियल की बिक्री कर पाते थे। वर्तमान समय में वह 120 से अधिक नारियल की बिक्री कर रहे हैं। उसने बताया कि पहले लोग नारियल में अधिक मलाई वाला मांगते थे। अब वह अधिक पानी वाले नारियल की अधिक मांग कर रहे हैं। इसलिए अधिक पानी वाले नारियल को अधिक मंगवा रहे हैं। पीछे से नारियल महंगा आने से दाम बढ़ गए हैं।
नारियल पानी के फायदे
-नारियल पानी में लोरिक एसिड और एंटीऑक्सीडेंट्स कई तरह के संक्रमणों से बचाने में मदद करता है।
-नारियल गर्मी या वर्कआउट के बाद शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को पूरा करता है।
-नारियल पानी में मौजूद फाइबर और एंजाइम पाचन क्रिया को बेहतर बनाते हैं।
-नारियल पानी शरीर में सोडियम के असर को कम करती है, जिससे हाई बीपी नियंत्रित रहता है।
-नियमित नारियल पानी पीने से पेशाब के जरिए क्रिस्टल और टॉक्सिन्स बाहर निकल जाते हैं।
-नारियल पानी में कैलोरी और फैट काफी कम होता है, जिससे वजन घटाने में मदद मिलती है।
