इटावा। इकदिल थाना क्षेत्र के परमधाम गांव में वृद्ध सिद्ध स्वरूप बाथम की हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट हो गई है। पोस्टमार्टम में सिर और कार के पास धारदार हथियार के दो वार की पुष्टि हुई है। चोटों के कारण ही वृद्ध की मौत हुई। पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह और हत्यारोपी तक पहुंचने के लिए करीबियों से पूछताछ के साथ तकनीकी साक्ष्यों की भी मदद ले रही है। पुलिस ने परिवार के छह से अधिक लोगों से पूछताछ की है। एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस जल्द घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।


परमधाम गांव निवासी सिद्ध स्वरूप मंगलवार रात घर के बगल स्थित प्लॉट में जामुन के पेड़ के नीचे चारपाई पर सो रहे थे। बुधवार सुबह पत्नी मंजू देवी उन्हें जगाने पहुंचीं तो चारपाई पर उनका शव खून से लथपथ पड़ा मिला था। सिर और गर्दन पर धारदार हथियार के वार के निशान मिले थे। घटना की जानकारी होने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए थे। पोस्टमार्टम में सिर पर दो गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है। पुलिस के मुताबिक इन्हीं चोटों के कारण सिद्ध स्वरूप की मौत हुई। घटना के बाद से पुलिस हत्या की वजह तलाशने में जुटी है। परिवार के सदस्यों और मृतक के करीबियों से पूछताछ कर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जांच के दौरान पुलिस परिवार और घटना से जुड़े लोगों के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। घटना से पहले और बाद में किस-किस से बातचीत हुई, कौन व्यक्ति मृतक के संपर्क में था और घटना के समय संबंधित लोगों की लोकेशन क्या थी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। परिजनों के मुताबिक घटना वाली रात घर में मौजूद पालतू कुत्ता भी करीब तीन से चार बजे के बीच अचानक भौंकने लगा था। हालांकि परिवार ने इसे सामान्य मानते हुए कुत्ते को बाहर छोड़ दिया था। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। सीओ सिटी अवनीश कुमार ने बतया पुलिस टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। संदिग्ध से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द हत्यारोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें