चकरनगर। भरेह थाना क्षेत्र के पहलन गांव में रविवार रात शराब के नशे में पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। मां को बचाने के लिए बेटी पिता के पैर पकड़कर गिड़गिड़ाती रही, लेकिन आरोपी का दिल नहीं पसीजा। उसने बेटी को लात मारकर दूर कर दिया और पत्नी का गला दबाता रहा। मां की आंखों के सामने तड़पकर मौत होते देख चारों बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे। वारदात के बाद आरोपी पति घर से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पहलन गांव निवासी शिवपूजन रविवार रात करीब 12 बजे शराब के नशे में घर पहुंचा। घर पहुंचते ही उसने पत्नी अवधेश कुमारी (36) से ताजा खाना बनाने को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। पत्नी ने शराब पीने का विरोध किया तो वह आगबबूला हो गया। दोनों के बीच कहासुनी के बाद शिवपूजन ने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। बड़ी बेटी संध्या (15) ने बताया इसके बाद मां का गला दबा दिया।

शोर सुनकर जब वह उठी तो मां को पिता के हाथों पिटता देख वह बचाने के लिए दौड़ी। उसने पिता के पैर पकड़कर मां को छोड़ने की गुहार लगाई, लेकिन आरोपी ने उसे लात मारकर दूर कर दिया। इसके बाद भी वह मां को बचाने की कोशिश करती रही। मां को तड़पता देख संध्या चीखने-चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर छोटी बेटियां समीक्षा (12), प्रतिज्ञा (10) और बेटा देवू (9) भी जाग गए।

चारों बच्चों ने मां को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।घटना के बाद आरोपी घर से भाग निकला। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने रात करीब 3:30 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा ।

थाना प्रभारी जगदीश भाटी ने बताया कि बच्चों ने पुलिस को बताया है कि उनके पिता ने मां का गला दबाकर हत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।

………………………………………………..

पहले भी मारपीट कर तोड़ दिया था बहन का हाथ

औरैया के अयाना थाना क्षेत्र के नवादा गांव निवासी मृतका के भाई अभिलाख सिंह ने बताया कि बहन अवधेश कुमारी की शादी वर्ष 2010 में हुई थी। जीजा शराब का आदी था और आए दिन शराब पीकर बहन के साथ मारपीट करता था। दो साल पहले भी उसने बहन को इतनी बुरी तरह पीटा था कि तीन जगह से हाथ टूट गया था। इसके बाद वह बहन को मायके ले आए थे। आरोप है कि जीजा तमंचा लेकर उनके घर पहुंचा था। सूचना पर पहुंची 112 पुलिस ने उसे तमंचे समेत गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वह छह महीने जेल में रहा था। भाई ने बताया कि पहले भी मारपीट के मामले में वह जेल जा चुका था। रविवार रात हत्या की सूचना मिली। चार बजे गांव पहुंचे तो पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेज चुकी थी।

फोटो 13: अवधेश कुमारी। फाइल फोटो

फोटो 13: अवधेश कुमारी। फाइल फोटो



Source link