फोटो 30::::मालगोदाम रोड पर जाम के बीच फंसे वाहन। संवाद
फोटो 31::::अंडरपास के नीचे जाम की वजह से सर्विस लेन पर लगी वाहनों की कतार। संवाद
– शहर के शास्त्री चौराहा से बस स्टैंड तिराहे तक रही जाम की स्थिति
– बकेवर में ओवरब्रिज के नीचे लगा वाहनों का भयंकर जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा/बकेवर। भाई दूज पर शहर से लेकर नेशनल हाईवे की सर्विस रोड, कस्बों तक जाम की स्थिति बनी रही। दिनभर रुक-रुक कर जाम लगता रहा। लोगों को एक किलोमीटर पार करने में आधा से पौन घंटे तक का समय लगा।
शहर में सवारियां लेने के लिए जगह-जगह बसें रुकने की वजह से बस स्टैंड तिराहे से लेकर शास्त्री चौराहे तक जाम की स्थिति बनी रही। सबसे ज्यादा समस्या शाम को हुई। शाम करीब चार बजे चौधरी पेट्रोल पंप तिराहे से लेकर शास्त्री चौराहे तक दोनों लेन जाम से जूझती रहीं। जाम सुलझाने में लगे इक्का-दुक्का पुलिसकर्मियों की भी अधिक जाम देखकर सांस फूल गई।
लगभग एक घंटे तक लोग इस जाम से जूझे। वहीं बकेवर कस्बे और कानपुर-आगरा नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर भी यातायात व्यवस्था का बुरा हाल रहा। बुधवार सुबह से ही मायके जाने वाली महिलाओं और अन्य यात्रियों के कारण बकेवर बाईपास पर वाहनों की आवाजाही सामान्य से कई गुना अधिक थी। दोपहर के समय चौराहे पर चारों ओर से वाहनों के एक साथ आने से स्थिति बिगड़ गई और लंबा जाम लग गया। जाम में कई महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ निजी वाहनों में फंसीं रहीं, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
थानाध्यक्ष बकेवर विपिन मलिक कस्बा इंचार्ज किरनपाल नागर, महेवा चौकी इंचार्ज रजनीश तिवारी, एसआई अरविंद पांडेय मय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद जाम में घंटों वाहन फंसे रहे वाहनों को एक-एक कर निकलवाया और यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया। लगभग दो घंटे तक लगातार जाम जैसी स्थिति ओवरब्रिज के नीचे बनी रही। ओवरब्रिज के पास ही इटावा, महेवा, भरथना, व लखना जाने वाले ऑटो सवारियां भरते उतारते हैं। जाम के कारण पुलिस ने उक्त ऑटो व ई रिक्शा वालों को वहां हटवाकर दूर खड़ा करवाया। उसके बाद भी वाहनों की चारों दिशाओं में लंबी कतारें लगी रहीं। एसओ विपिन मलिक ने बताया कि भीड़ अधिक होने की वजह से जाम की स्थिति बनी थी। मौके पर पहुंचकर जाम को खुलवा दिया गया था।

