– रक्षाबंधन पर उमड़ी भीड़, भालू, तेंदुओं, बारासिंहा, हिरण समेत अन्य वन्यजीवों की उछल-कूद भी देखी
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। रक्षाबंधन के त्योहार पर रिश्तेदारों से मिलने इटावा और आसपास के जिलों में पहुंचे लोगों ने इटावा सफारी पार्क की ओर भी रुख किया। शनिवार को सफारी पार्क में 1050 से अधिक पर्यटक पहुंचे, जिससे केवल एक दिन में करीब 2.5 लाख रुपये की आय हुई। इनमें 800 से अधिक वयस्क पर्यटक शामिल रहे। सभी ने शेरों के साथ ही भालू, तेंदुओं, बारासिंहा, हिरण समेत अन्य वन्यजीवों के दीदार किए।
पर्यटकों की बढ़ी संख्या को देखते हुए सफारी प्रशासन ने वाहनों की पर्याप्त व्यवस्था की, ताकि सफारी भ्रमण के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासन का कहना है कि इटावा सफारी पार्क क्षेत्र की जैवविविधता और यहां मौजूद वन्यजीवों को देखने के लिए प्रकृति एवं वन्यजीव प्रेमियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। व्यापक प्रचार-प्रसार के कारण भी अब दूर-दराज के लोग सफारी पार्क के बारे में जानकारी हासिल कर यहां पहुंच रहे हैं।
डेढ़ माह से बीमार शेरनी राधिका की हालत नाजुक
इस बीच, विगत करीब डेढ़ माह से बीमार चल रही शेरनी राधिका की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है। वन्यजीव चिकित्सक और कीपर लगातार उसकी निगरानी और देखभाल कर रहे हैं। शेरनी राधिका को वर्ष 2019 में गुजरात से इटावा सफारी पार्क लाया गया था। हालांकि, शारीरिक अक्षमता और असामान्य व्यवहार के कारण उसे कभी पर्यटकों के लिए सफारी में नहीं खोला गया। साथ ही, उसे प्रजनन कार्यक्रम में भी शामिल नहीं किया गया।
