ताखा। क्षेत्र के अघीनी स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय में साढ़े चार साल से चिकित्साधिकारी की नियमित तैनाती नहीं है। यहां तैनात महिला चिकित्साधिकारी डॉ. इंदू सिंह जसवंतनगर के आयुर्वेदिक चिकित्सालय में संबद्ध हैं। ऐसे में अस्पताल फार्मासिस्ट के सहारे चल रहा है। इसके साथ ही यहां पर वार्ड ब्वॉय की तैनाती भी नहीं है।
हाल ही में बम्हनीपुर निवासी अहमद अली बुखार की दवा लेने अस्पताल पहुंचे तो चिकित्साधिकारी नहीं मिलीं। फार्मासिस्ट आदर्श शर्मा ने उन्हें दवाएं दीं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में रोजाना 20 से 25 मरीज आते हैं, जिन्हें उपलब्धता के अनुसार दवाएं दी जाती हैं। भारतीय किसान संगठन के जिलाध्यक्ष नरेंद्र कुमार गुप्ता ने स्वास्थ्य सेवाओं पर चिंता जताते हुए जिलाधिकारी से नियमित डॉक्टर तैनात करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पहले से ही चिकित्सकों की कमी है, जिससे ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि जसवंतनगर में पंचकर्म केंद्र के संचालन के लिए डॉ. इंदू सिंह को संबद्ध किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अघीनी के चिकित्सालय में जल्द दूसरे चिकित्साधिकारी की व्यवस्था की जाएगी।
