इटावा। सात माह पहले प्रेम विवाह करने वाली महिला का शव फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के बिचपुरी खेड़ा गांव में फंदे से लटका मिला। रविवार सुबह पति ने पत्नी को पंखे के कुंडे से लटका देखा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की।
बिचपुरी खेड़ा निवासी धर्म सिंह ने बताया कि उनके बेटे आदित्य ने करीब सात माह पहले बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी पूनम (20) से प्रेम विवाह किया था। दोनों हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में एक ही कंपनी में काम करते थे। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। इसके बाद आदित्य पूनम को गांव ले आया और जैतिया गांव स्थित मंदिर में दोनों ने शादी कर ली।
शादी के बाद दोनों हिमाचल प्रदेश के सोलन में रहने लगे थे। धर्म सिंह ने बताया कि अक्तूबर में आदित्य के बाबा तेज सिंह का निधन हो गया था। 25 अक्तूबर को आदित्य और पूनम गांव आए थे। सोमवार को दोनों को हिमाचल प्रदेश लौटना था। शनिवार रात परिवार के सभी लोगों ने साथ में खाना खाया। इसके बाद पूनम पहली मंजिल पर बने कमरे में चली गई। वहां उसने साड़ी का फंदा बनाकर पंखे के कुंडे से लटककर जान दे दी। उस समय पति आदित्य भी कमरे में मौजूद था। रविवार सुबह आदित्य ने पत्नी को फंदे पर लटका देखा तो परिजन को जानकारी दी।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कमरे और आसपास के स्थानों की जांच की। पूनम के मायके वाले उसे होली पर घर आने के लिए कह रहे थे। उसका परिवार पहले हिमाचल प्रदेश में रहता था। बेटी के प्रेम विवाह के बाद परिवार पंजाब चला गया था और बाद में बिहार लौट गया था। थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि युवती की आत्महत्या का कारण अभी पता नहीं चला है। मायके पक्ष को घटना की सूचना दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
