ताखा। सरसईनावर के प्रसिद्ध हजारी महादेव मंदिर की आय-व्यय का मुद्दा गर्मा गया है। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में जनहित कल्याण समिति ने मंदिर कमेटी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए आय-व्यय सार्वजनिक करने की मांग की। डीएम को ज्ञापन सौंपते हुए समिति के अध्यक्ष तिलक सिंह शाक्य ने मामले की जांच की मांग की। श्रद्धालुओं के साथ दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया। तिलक सिंह ने सत्याग्रह की अनुमति मांगी। हालांकि प्रशासन ने अनुमति से इन्कार कर दिया। वहीं, मेला कमेटी के अध्यक्ष पंचम सिंह ने आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि कमेटी पर कब्जा करने के लिए इस तरह की शिकायतें की जा रही हैं।

वहीं, डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल और एसएसपी ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 26 शिकायतें आईं। छह का निस्तारण किया गया। कायमपुरा, दौलतपुर और नगला करन के कई किसानों ने अपनी जमीन पर औद्योगिक गलियारा बनाए जाने के विरोध में असहमति का ज्ञापन सौंपा। भरतपुर खुर्द निवासी छोटेलाल ने भूमि पर जेसीबी से खोदाई कर पेड़ उखाड़ने और कब्जे के प्रयास की शिकायत की। जिलेदार सिंह ने कुदरैल ग्राम पंचायत में स्वीकृति के बाद कराए गए इंटरलॉकिंग एवं नाली निर्माण कार्यों का पंचायत सचिव के भुगतान न किए जाने की शिकायत की।

संतोषपुर पचार की चरागाह की जमीन से अवैध कब्जा हटवाने की मांग मालती देवी ने की। पुरैला में नाले की सफाई न होने और छह माह से सफाई कर्मचारी के न आने से जलभराव की समस्या की शिकायत शिवप्रताप सिंह ने की। लेखपाल संघ ताखा ने अंतर मंडलीय स्थानांतरण, अतिरिक्त कार्यभार समेत अन्य मांगों को लेकर मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को संबोधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा। एसडीएम विजय प्रकाश मिश्रा, सीओ रामदवन मौर्य, तहसीलदार हरीलाल चौधरी आदि मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *