इटावा। प्रदेश स्तरीय महिला हॉकी प्रतियोगिता के लिए जिले की 12 महिला खिलाड़ियों का मंडलीय चयन ट्रायल के लिए चयन किया गया है। जिला स्पोर्टस स्टेडियम में ये ट्रायल आयोजित किए जा रहे है। चयनित खिलाड़ियों को मंडलीय ट्रायल में प्रतिभाग करने के निर्देश दिए गए हैं। ट्रायल में प्रदर्शन के आधार पर प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अंतिम टीम का चयन किया जाएगा।
जिला क्रीड़ाधिकारी सर्वेंद्र सिंह ने बताया कि प्रदेश स्तरीय महिला हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन 20 से 22 अगस्त 2026 तक अयोध्या में होगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली मंडलीय टीम के चयन के लिए जनपद स्तर से खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें मंडलीय ट्रायल में भेजा जा रहा है। मंडलीय चयन ट्रायल के लिए चयनित खिलाड़ियों में अनन्या, शिविमा कश्यप, अदृष्टि राठौर, पूनम, प्रिया सागर, प्रियंका, माही, कायनात, राशि कश्यप, प्राची रावत, नैंसी पटेल और सोनिया शामिल हैं। जिला क्रीड़ाधिकारी ने चयनित खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि पर मंडलीय चयन ट्रायल में समय से उपस्थित होकर अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि मंडलीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में इटावा और मंडल का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। जिला क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि सोमवार को एथलेटिक्स और बैडमिंटन की टीम का ट्रायल था खिलाड़ियों के प्रतिभाग न करने के कारण इसे निरस्त कर दिया। अगली तारीख जल्द ही निर्धारित की जाएगी।
