{“_id”:”6b0b2f497073557c140f693f”,”slug”:”farrukhabad-news-farrukhabad-news-c-222-1-frk1001-152347-2026-11-29″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”Farrukhabad News: भतीजी की शादी से पहले उठी चाचा की अर्थी”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

फोटो- 31 अर्श गफ्फारी। फाइल फोटो।
मोहम्मदाबाद। घर में भतीजी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। कुछ दिन बाद शहनाइयां गूंजने वाली हैं, लेकिन सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। भतीजी की शादी से पहले ही चाचा की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। पत्नी को बुलाने जा रहे युवक को जनपद उन्नाव में अज्ञात डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कस्बे के शिवाजी नगर निवासी टिंकू उर्फ अर्श गफ्फारी (36) 27 नवंबर की शाम करीब छह बजे घर से पत्नी मुस्कान को बुलाने के लिए उन्नाव के सफीपुर के लिए निकले थे। जनपद उन्नाव के नानामऊ घाट मोड़ के पास सामने से आए तेज रफ्तार अज्ञात डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में टिंकू की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक डंपर लेकर भाग गया।
थाना बांगरमऊ पुलिस ने टिंकू के मोबाइल से नंबर लेकर उनकी पत्नी मुस्कान गफ्फारी को हादसे की सूचना दी। पुलिस ने बताया कि शव उन्नाव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
परिजन के मुताबिक टिंकू 25 नवंबर को हरियाणा के भिवानी से टेंट का काम करके घर लौटे थे। 14 दिसंबर को उनकी भतीजी नाजरीन की बरात आनी है। घर में शादी की तैयारियां चल रही हैं। टिंकू तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और टेंट के कपड़ों की सिलाई का काम करते थे। करीब डेढ़ वर्ष पहले उनकी शादी मुस्कान से हुई थी। हादसे की खबर से मां तकवीरन बेगम, पत्नी मुस्कान और अन्य परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
