– परीक्षा नियंत्रक ने कहा, इसके बाद नहीं मिलेगा कोई भी मौका
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के ईआरपी पोर्टल पर रविवार को सिर्फ सात घंटे के अंदर परीक्षा फाॅर्म भरने का मौका दिया गया है। इसके बाद किसी भी विद्यार्थी को फाॅर्म भरने का दूसरा अवसर नहीं मिलेगा। परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर ने बताया कि प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर के जिन विद्यार्थियों के फाॅर्म ईआरपी पोर्टल से भरे जाने हैं, वे सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन करने के लिए 500 रुपये विलंब शुल्क देना होगा। यह प्रक्रिया www.bujhansi.ac.in पर पूरी की जाएगी। इस माध्यम से भूतपूर्व, गैप ईयर, बैक पेपर और श्रेणी सुधार के अभ्यर्थी आवेदन करेंगे। समर्थ पोर्टल से प्रवेश पाने वाले विद्यार्थी चार दिसंबर तक परीक्षा फार्म भर सकेंगे।
परीक्षा में 216 विद्यार्थी रहे अनुपस्थित
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध कॉलेजों में शनिवार को परीक्षाएं आयोजित की गईं। ये परीक्षाएं यूजी और पीजी के पंचम, सप्तम तथा नौवें सेमेस्टर के लिए थीं। परीक्षा कुल तीन पारियों में संपन्न कराई गई। इन तीनों पारियों की परीक्षा में कुल 15011 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा के दौरान कुल 216 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि पहली पारी में 14509 विद्यार्थियों में से 209 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पारी में 215 में से एक विद्यार्थी ने परीक्षा छोड़ी। तीसरी पारी में 503 विद्यार्थियों में से 6 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए। ब्यूरो
