फतेहपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में शनिवार को आयोजित अप्रेंटिसशिप मेले में 35 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। तीन प्रतिष्ठानों की ओर से साक्षात्कार के बाद 15 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण मेले में युवाओं की अपेक्षाकृत कम भागीदारी रही। करीब 20 अभ्यर्थी विभिन्न जानकारियां लेने के बाद लौट गए।
मेले में शहर के मेकओवर ब्यूटी पार्लर, औंग स्थित राज राजेश्वरी टेक्नो फैब और पंजाब की अरिहंत स्पिनिंग मिल्स मालेरकोटला के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए। मेकओवर की संचालिका रेशमा महरोत्रा ने ब्यूटीशियन ट्रेड की अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को फोन के माध्यम से सूचना दी जाएगी।
राज राजेश्वरी टेक्नो फैब के प्रतिनिधि शुभम गुप्ता ने बताया कि उनकी कंपनी में प्लास्टिक की बोरियां तैयार की जाती हैं। कंपनी को लूम ऑपरेटर और इलेक्ट्रिकल्स एंड फिटर के पदों पर पुरुष अभ्यर्थियों की आवश्यकता है। लूम ऑपरेटर को 15 हजार और इलेक्ट्रिकल्स एंड फिटर को 12,500 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। जिले से बाहर के चयनित अभ्यर्थियों को आवास के लिए एक हजार रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे।
वहीं अरिहंत स्पिनिंग मिल्स के प्रतिनिधि आशुतोष ने बताया कि उनकी कंपनी में धागा तैयार किया जाता है। यहां इलेक्ट्रिकल्स और फिटर के पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जा रहा है। चयनित युवाओं को शुरुआती तीन माह तक 13,486 रुपये प्रतिमाह प्रशिक्षण भत्ता मिलेगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें 21,424 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा भोजन और रहने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
मेले में साक्षात्कार देने पहुंचीं खुशी और स्नेहा ने बताया कि कॉल आने पर वे काम करने जाएंगी। वहीं अरिहंत स्पिनिंग मिल्स में साक्षात्कार देने वाले रोहित कुमार, अशोक, राजेश और नीरज ने अपने चयन की जानकारी दी।
आईटीआई के प्रधानाचार्य डॉ. राजकुमार सिंह ने कहा कि आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षार्थियों के साथ ही डिप्लोमा और हाईस्कूल उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को भी ऐसे रोजगार मेलों में हिस्सा लेना चाहिए। इससे उन्हें रोजगार के अवसर मिलने के साथ ही व्यावहारिक कार्य अनुभव भी प्राप्त होता है।

