जागरण संवाददाता, जमानियां (गाजीपुर)। अब वह दिन दूर नहीं जब नगर के लोगों को कंकडवा घाट पर हरा भरा पार्क व बेहतर स्वास्थ्य के लिए ओपन जिम की व्यवस्था मिलेगी। नगर पालिका परिषद की ओर से 93 लाख की लागत से शासन की उपवन योजना के तहत नगर का पहले पार्क का निर्माण प्रस्तावित है।
शासन ने इस कार्य का डीपीआर मांगा है। पार्क में जपानी मियावाकी विधि से पौधारोपण भी होगा। जिससे पार्क वन के रूप में विकसित होगा। तीन भागों में बंटे नपा के कस्बा बाजार के कंकड़वा घाट गंगा किनारे पार्क निर्माण को लेकर नपा ने जमीन चिह्नित कर नगर विकास विभाग को प्रस्ताव भेजा था।
इसको लेकर शासन के नगर विकास अनुभाग-8 के अनु सचिव पारस नाथ की ओर से पत्र जारी कर वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्राप्त प्रस्ताव पर बजट की स्वीकृति के लिए निर्देश दिया है कि धनराशि की स्वीकृति और उसे अवमुक्त कराने के लिए नगरीय निकाय स्तर से सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए आगणन (एस्टीमेट)और डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) जल्द उपलब्ध कराई जाए।

योजना के तहत नपा में पार्कों के विकास के लिए 93 लाख रुपये प्रस्तावित किए गए हैं। नपा अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने बताया कि नगर में पार्क की कमी थी। शासन के उपवन योजना में पार्क बनाने का प्रस्ताव भेजा गया था। पार्क बनने से हरियाली रहेगी।
शासन से मंजूरी मिलने के बाद पार्क निर्माण का कार्य शुरू होगा।जिसमें पार्क निर्माण के लिए जमीन को समतल करना व गड्ढे भरना,बाउंड्रीवाल और गेट लगाना। साथ ही पार्क में ओपन जिम और घूमने के लिए पाथवे (रास्ता) भी बनेगा।वही मियावाकी विधि से पौधारोपण और पेड़-पौधे लगाया जाएगा। पार्क निर्माण को लेकर बजट है। -चंदन राय, अवर अभियंता नपा जमानियां।
क्या है मियावाकी विधि
कम जगह में घने और तेजी से बढ़ने वाले वन उगाने की एक जापानी वृक्षारोपण तकनीक है। जिसे 1970 के दशक में वनस्पतिशास्त्री डा. अकीरा मियावाकी ने विकसित किया था। इसमें स्थानीय देशी पौधों को बहुत पास-पास लगाकर कुछ ही वर्षों में एक आत्मनिर्भर लघु वन तैयार किया जाता है।
