Report – Syed Asif Hussain Zaidi
Ballia: कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। 23 और 24 नवंबर को होने वाले मुख्य स्नान के लिए जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। बलिया के गंगा घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालु श्रीरामपुर घाट और महावीर घाट पर स्नान कर भृगु मुनि, दर्दर मुनि तथा बालेश्वर बाबा के दर्शन करेंगे। भृगु मंदिर पर विशेष भीड़ रहेगी।

डीएम ने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को बैरिकेडिंग के भीतर ही स्नान कराया जाए। खतरनाक घाटों पर स्नान प्रतिबंधित रहेगा। बैरिकेडिंग और रस्सियों की जांच एक दिन पहले कर ली जाए। माल्देपुर मोड़, कदम चौराहा, तिखमपुर और बहादुरपुर में अस्थायी पार्किंग व बस स्टैंड बनेंगे। मेला क्षेत्र में छेड़छाड़, चोरी, चेन स्नेचिंग और जहरखुरानी रोकने के लिए पुलिस को लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए।
मुख्य घाट, हनुमान मंदिर और महावीर घाट पर मेडिकल टीम, दवाएं और एंबुलेंस रहेंगी। नगर पालिका को प्रकाश व्यवस्था, PWD को मार्ग, विद्युत को निर्बाध आपूर्ति और जल निगम को पेयजल के निर्देश दिए गए। सभी मजिस्ट्रेट 23 नवंबर की दोपहर से 24 नवंबर को स्नान समाप्त होने तक तैनात रहेंगे। अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार को संपूर्ण शांति व्यवस्था का प्रभारी बनाया गया है।
