जागरण संवाददाता, आजमगढ़। बहरीन एयरपोर्ट पर चुनौटी और खैनी के साथ 29 अक्टूबर को कस्टम विभाग की हिरासत में लिए गए अहरौला थाना क्षेत्र के भवरूपुर निवासी सौरभ राय जुर्माना जमा करने के बाद शनिवार को अपने घर लौट आए। अपने स्वजन को कस्टम और पुलिस विभाग द्वारा किए गए टार्चर के बारे में पूरी जानकारी दी।
करीब 20 दिन बीतने के बाद अपने घर आए सौरभ राय ने बताया कि 29 अक्टूबर को जैसे ही बहरीन एयरपोर्ट पर उतरे, जांच मे उनके पास चुनौटी और तंबाकू और चूना मिला। इसके बाद से कस्टम विभाग ने हिरासत में ले लिया और मोबाइल और बैग जब्त कर लिया। हालांकि करीब 18 लाख रुपये रिहाई की कीमत देकर वह घर लौट सके हैं।
इसके बाद कस्टम विभाग ने बहरीन पुलिस और सीआईडी को सौंप दिया। यहां से ले जाकर पूछताछ की गई। बार-बार यही पूछा जा रहा था कि क्या सामान तस्करी के लिए था, या किसी और कार्य के लिए। सजा के तौर पर एक कमरे में लगी पांच टन की ऐसी को 16 डिग्री तापमान पर करके चालू कर दिया जाता और मात्र एक हल्का चद्दर देकर इसमें 24 घंटे रखा जाता था।
कमरे से बाहर निकालकर फिर वही बात पूछी जाती थी कि जो सामान मिला है, उसकी तस्करी करने जा रहे थे। इसी तरह से लगातार टार्चर किया जाता रहा। खास बात यह रही कि जितने भी वहां के अधिकारी थे, सभी पाकिस्तानी थे और वे हिंदू और भारत के लोगों पर विशेष सख्ती कर रहे थे। उनका कहना था कि बहरीन को लूटने आते हो तुम लोग। ऐसा लगता था कि टार्चर से मौत हो जायेगी और अब घर वापसी मुश्किल है।
परिवार के लोगों ने परिचितों के माध्यम से बहरीन में वकील की व्यवस्थाकराई, इसके बाद फाइल आगे बढ़ी। इसमें दो ही विकल्प था जुर्माना या सजा। जुर्माना नहीं भरने पर 10 से 15 साल की सजा भी हो सकती थी। कई लोग ऐसे थे, जो जुर्माना नहीं भर सकते थे, उन्हें 10 साल की सजा के लिए जेल भेज दिया गया। बहरीन दिनार में वकील की फीस और जुर्माने की रकम को लेकर कुल 7200 दीनार चुकाई, तब जाकर वहां से 18 नवंबर को कोर्ट से रिलीज किया गया।
इसके बाद फ्लाइट से सऊदी से चेन्नई फिर दिल्ली और दिल्ली से सड़क मार्ग से हम घर पहुंचे हैं। तबीयत काफी खराब है, टाइफाइड और मलेरिया हुआ है, जिसका इलाज चल रहा है। अब वहां जाने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
सौरभ के बड़े भाई ऋषभ राय ने बताया कि एसएसपी के माध्यम से गृह विभाग संपर्क में थे और लगातार वहां के अपने कुछ परिचितों को भी लगाए हुए थे। उन्हीं के माध्यम से वकील किया गया, नहीं तो यह लग रहा था कि शायद कोशिश फेल हो जाएगी। ईश्वर और एसएसपी की सक्रियता से सफलता मिली है।
