फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र में मारपीट, गाली-गलौज व असलहे तानकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में वाराणसी में तैनात हेड कांस्टेबल समेत 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। खुलेआम दबंगई का वीडियो वायरल होने पर एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 25,000-25,000 रुपये का इनाम घोषित किया है।
आरोपियों के पास तीन शस्त्र लाइसेंस होने का पुलिस को पता लगा है। इनके निरस्तीकरण की भी पुलिस कार्रवाई करेगी। असोथर थाने के तिवारी का डेरा निवासी रेखा अपने पति बजरंग द्विवेदी व पांच वर्ष की बेटी के साथ सदर तहसील शुक्रवार भूमि पर कब्जे की शिकायत लेकर आई थी। सदर तहसील गेट पर दूसरे पक्ष के लोगों ने इन्हें घेर लिया था और असलहा तानकर धमकी व मारपीट की थी।
इस मामले में रेखा की ओर से पुलिस ने तिवारी का डेरा गांव के केशव उर्फ रमेश व्यास, प्रमोद तिवारी व उसके पुत्र आयुष तिवारी, प्रियांजल तिवारी व भोला तिवारी और पांच अन्य के खिलाफ शुक्रवार रात प्राथमिकी दर्ज की गई। दरअसल रेखा अपने पिता की इकलौती बेटी है। उसकी शादी प्रयागराज करछना में हुई। रिश्ते में केशव चाचा हैं। आरोप है कि पारिवारिक उसके हिस्से की संपत्ति पर कब्जा कर रहे हैं। इसी विवाद पर घटना हुई।
एसपी ने बताया कि दोनों पक्ष के बीच भूमि विवाद चला आ रहा है। पक्षों को थाने से तहसीलदार के पास भेजा गया था। जिससे निस्तारण हो सके। जहां पक्षों के बीच नोकझोंक हुई। प्रमोद तिवारी वाराणसी में हेड कांस्टेबल है। उनके पक्ष से असलहों का दुरुपयोग किया गया। सभी की गिरफ्तारी के लिए प्राथमिकी दर्ज कर 25,000-25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
