फतेहपुर। खागा सीओ रवि सिंह पर गाड़ी को साइड न देने को लेकर ट्रक मालिक के मुंशी शिवम ने अभद्रता करने का आरोप लगाया है। किशनपुर निवासी प्राणेश अग्निहोत्री ट्रक मालिक हैं। उनके मुंशी शिवम ने बताया कि शनिवार को मौरंग लदा ट्रक खदान से लेकर चालक खागा की ओर जा रहा था। रास्ते में सीओ की गाड़ी पीछे से हूटर बजाते हुए पास मांग रही थी।
खागा कस्बे में जगह न होने के कारण चालक साइड नहीं दे सका। कुछ दूर आगे जाकर चालक ने ट्रक पेट्रोल पंप पर खड़ा कर दिया। इसके बाद वह बाइक से मौके पर पहुंचा, जबकि चालक डर के कारण वहां से भाग निकला। आरोप है कि सीओ उसे अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गए और अभद्रता की।
वहीं एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि ट्रक तेज रफ्तार में कस्बे से निकला था। सीओ किसी को रोकने का प्रयास नहीं कर रहे थे। चालक वहां रुका, जहां उसके समर्थक मौजूद थे। इससे व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया गया। एसपी ने कहा कि अधिकारी पर दबाव बनाने की कोशिश की गई और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई है। मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

