खागा। खुद को स्वास्थ्य विभाग का अधिकारी बताकर निजी अस्पतालों, क्लीनिक और मेडिकल स्टोर संचालकों पर रौब गांठने और वसूली करने के आरोप में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पर कार्रवाई की गई है।
सोशल मीडिया पर ऑडियो वायरल होने के बाद सीएमओ ने कर्मचारी को खागा सीएचसी से हटाकर दपसौरा सीएचसी से संबद्ध कर दिया है। साथ ही उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है।
सीएमओ डॉ. यूबी सिंह ने बताया कि खागा सीएचसी में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी प्रमोद चौधरी पर निजी अस्पताल, क्लीनिक और मेडिकल स्टोर संचालकों को खुद को स्वास्थ्य विभाग का अधिकारी और कारखास बताकर रुपये वसूलने का आरोप है। एक संचालक के साथ गालीगलौज का ऑडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से खागा सीएचसी से हटाकर दपसौरा सीएचसी से संबद्ध किया गया है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. रमेश यादव को उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएमओ ने जिला अस्पताल के सीएमएस से कर्मचारी के पूर्व निलंबन से संबंधित मूल पत्रावली और सेवा अभिलेख भी तलब किए हैं। आरोपों की जांच के लिए एसीएमओ डॉ. पीके सिंह, सीएमएस और जिला प्रशासनिक अधिकारी संदीप कुमार की तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है।
टीम को सात दिन में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। सीएमओ ने कहा कि जांच या साक्ष्यों से छेड़छाड़ का मामला सामने आने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

