फतेहपुर। पांच साल में रकम दोगुनी करने और पांच प्रतिशत अतिरिक्त बोनस देने का लालच देकर चिटफंड कंपनी के डायरेक्टर दंपती ने एक हजार से अधिक लोगों से 10 करोड़ से ज्यादा की ठगी की। पीड़ित की शिकायत पर कोर्ट के आदेश से चांदपुर पुलिस ने शुक्रवार को दंपती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

चांदपुर थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव निवासी रामऔतार ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव के धर्मेंद्र सिंह, पत्नी सुनीता सिंह के साथ एमडीएस इंफाबिल लिमिटेड नाम से चिटफंड कंपनी चलाते थे। दोनों कंपनी के डायरेक्टर थे। हमीरपुर की जिलाधीश कॉलोनी स्थित बंगला नंबर 158 में कार्यालय खोलकर कई जिलों के लोगों से निवेश कराते थे।

आरोप है कि वर्ष 2014 से पहले दंपती ने घर पहुंचकर उसे कंपनी की योजना बताई और पांच साल में रकम दोगुनी करने के साथ पांच प्रतिशत बोनस देने का भरोसा दिया। झांसे में आकर उसने खेत बेचकर 14 सितंबर 2014 को पांच लाख रुपये जमा किए। इसके बदले कंपनी ने उसे बांड दिया। 14 सितंबर 2019 को निवेश की अवधि पूरी होने पर उसे 10.50 लाख रुपये मिलने थे।

रामऔतार ने बताया कि भुगतान लेने के लिए हमीरपुर स्थित कार्यालय पहुंचने पर पता चला कि कंपनी में एक हजार से अधिक लोगों ने 10 करोड़ रुपये से ज्यादा जमा किए थे। इसके बाद दंपती कार्यालय बंद कर भाग गए।

काफी समय बाद गांव लौटने पर उसने आरोपियों से रुपये मांगे तो उन्होंने बांड जमा कराकर एक महीने में भुगतान करने का आश्वासन दिया। समय बीतने के बाद भी आरोपियों ने रुपये नहीं लौटाए। थानाध्यक्ष वृंदावन राय ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर दंपती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।



Source link

अभी अभी की खबरें