फतेहपुर। त्योहार पर घर लौटने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिल्ली समेत महानगरों से फतेहपुर आने वाली लंबी दूरी की प्रमुख ट्रेनों में स्लीपर से लेकर एसी तक सीटें फुल हो चुकी हैं। कई ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची 185 के पार पहुंच गई है। ऐसे में यात्रियों को कन्फर्म टिकट के लिए तत्काल आरक्षण का ही सहारा नजर आ रहा है।

फतेहपुर स्टेशन से होकर गुजरने वाली 12418 प्रयागराज एक्सप्रेस, 14006 लिच्छवी एक्सप्रेस, 20434 जम्मू मेल और 13052 नेताजी एक्सप्रेस में वेटिंग 185 से अधिक है। वहीं 13008 तूफान एक्सप्रेस, 12816 नंदनकानन एक्सप्रेस और 12802 पुरुषोत्तम एक्सप्रेस में भी प्रतीक्षा सूची 82 के पार पहुंच गई है।

कन्फर्म टिकट नहीं मिलने से यात्रियों को यात्रा की तारीख बदलने या दूसरे विकल्प तलाशने पड़ रहे हैं। तत्काल आरक्षण में भी सीमित सीटों के कारण टिकट मिलने की गारंटी नहीं है। शहर के रामचंद्र और प्रेमकुमार ने बताया कि त्योहार पर बच्चे घर आना चाहते हैं, लेकिन सीट उपलब्ध नहीं होने से यात्रा की योजना प्रभावित हो रही है।

उन्होंने रेलवे से अतिरिक्त कोच लगाने और विशेष ट्रेनें चलाने की मांग की। रेलवे के पीआरओ अमित कुमार ने बताया कि यात्रियों की संख्या को देखते हुए अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव भेजा जाएगा।



Source link