= पिछले साल 165 था वायु गुणवत्ता सूचकांक

= इस बार प्रदूषण का स्तर लगभग दोगुना

= बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों पर बढ़ा खतरा

संवाद न्यूज एजेंसी

फतेहपुर। दीपों के पर्व दिवाली के बाद जिले की हवा की सेहत बिगड़ गई है। पटाखों से निकले धुएं और अन्य प्रदूषणकारी तत्वों के कारण वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 322 तक पहुंच गया है। पिछले साल दिवाली के आसपास एक्यूआई 165 दर्ज किया गया था। इस लिहाज से इस बार प्रदूषण का स्तर लगभग दोगुना हो गया है। हवा की गुणवत्ता में आई गिरावट ने लोगों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, छह नवंबर को जिले का एक्यूआई 266 दर्ज किया गया था। सात नवंबर को मामूली गिरावट के साथ यह 255 पर पहुंचा। दिवाली के दिन आठ नवंबर को एक्यूआई घटकर 240 हो गया, लेकिन अगले ही दिन इसमें अचानक उछाल आया और 310 पर पहुंच गया। 10 नवंबर को स्थिति और बिगड़ गई। इस दिन एक्यूआई बढ़कर 322 तक पहुंच गया। लगातार बढ़ते प्रदूषण से हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच गई है।

बच्चों और बुजुर्गों को अधिक खतरा

हवा में घुले महीन धूल कण और जहरीले धुएं का सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों पर पड़ सकता है। प्रदूषित हवा में सांस लेने से आंखों में जलन, गले में खराश, खांसी और सांस लेने में तकलीफ हो सकती है। अस्थमा के मरीजों की परेशानी भी बढ़ सकती है।

वाहनों का धुआं और सड़कों की धूल भी जिम्मेदार

पर्यावरण विशेषज्ञ सतीश कुमार ने बताया कि पटाखों से निकलने वाला धुआं प्रदूषण बढ़ने का प्रमुख कारण है। इसके अलावा वाहनों से निकलने वाला धुआं, सड़कों पर उड़ती धूल और मौसम में नमी के कारण प्रदूषक तत्व वातावरण में लंबे समय तक बने रहते हैं। उन्होंने लोगों को सुबह और देर शाम अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

एक नजर में एक्यूआई

तारीख एक्यूआई

6 नवंबर

266

7 नवंबर

255

8 नवंबर

240

9 नवंबर

310

10 नवंबर

322

===============

चार दिन में 600 मरीज पहुंचे अस्पताल

फतेहपुर। दिवाली के बाद जिले की हवा में घुले धुएं और धूल के महीन कण लोगों की सेहत बिगाड़ने लगे हैं। वायु प्रदूषण बढ़ने से सांस संबंधी समस्याओं के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। बीते चार दिनों में जिला अस्पताल में अस्थमा और सांस लेने में परेशानी की शिकायत लेकर करीब 600 मरीज पहुंचे। दिवाली के बाद जिले का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 310 तक पहुंच गया था। पटाखों के धुएं और हवा में मौजूद महीन कणों के कारण लोगों को खांसी, गले में खराश, सीने में जकड़न और सांस फूलने की शिकायत होने लगी। अस्थमा के पुराने मरीजों की परेशानी भी बढ़ गई। चिकित्सकों के अनुसार, प्रदूषण के बारीक कण सांस के जरिये फेफड़ों तक पहुंचकर परेशानी बढ़ा सकते हैं।

सीएमएस राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि अस्थमा के मरीज नियमित रूप से दवाएं लें और डॉक्टर की सलाह के अनुसार इनहेलर का इस्तेमाल करें। बिना चिकित्सकीय परामर्श के दवाएं बंद न करें। प्रदूषण का स्तर सामान्य होने तक विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि प्रदूषित हवा का असर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से फेफड़ों या सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित लोगों पर अधिक पड़ सकता है। बाहर निकलने पर मास्क लगाएं और धुएं व धूल वाले स्थानों से दूरी बनाए रखें। सांस लेने में अधिक परेशानी, सीने में दर्द या लगातार खांसी होने पर चिकित्सक से परामर्श लें।

चार दिनों में अस्पताल पहुंचे मरीज

तारीख मरीज

7 नवंबर 57

8 नवंबर 63

9 नवंबर 283

10 नवंबर 197

कुल 600



Source link