फतेहपुर। दीपावली नजदीक आते ही घरों को नया और आकर्षक रूप देने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। लोग घरों की रंगाई-पुताई के साथ दीवारों को सजाने के लिए नए रंगों और डिजाइन के विकल्प तलाश रहे हैं।

बाजार में इमल्शन, डिस्टेंपर और इनामेल सहित कई तरह के पेंट उपलब्ध हैं। इस बार पेंट की कीमतों में करीब 10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है, इसके बावजूद लोग अपनी जरूरत और बजट के अनुसार उत्पादों का चयन कर रहे हैं। कई परिवार घर की साफ-सफाई के साथ रंगाई-पुताई की भी योजना बना रहे हैं।

पेंट कारोबारी सगीर अहमद ने बताया कि इस साल अब तक विभिन्न कंपनियों के पेंट की कीमतों में तीन बार बढ़ोतरी हुई है। 20 लीटर पेंट की बाल्टी पहले करीब दो हजार रुपये में मिलती थी, अब 2200 रुपये तक पहुंच गई है।

डिस्टेंपर के दाम में प्रति लीटर ढाई से तीन रुपये और इनामेल में पांच रुपये तक की वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि दीपावली पर घरों को सजाने के लिए ग्राहक अपनी पसंद के रंग और उत्पाद खरीद रहे हैं।

वर्मा चौराहा स्थित दुकानदार सोनू ने बताया कि पेंट के दाम करीब 10 प्रतिशत बढ़े हैं। पहले 700 रुपये में मिलने वाली सफेद सीमेंट अब 800 रुपये की हो गई है। ग्राहक अपने बजट के मुताबिक इमल्शन, डिस्टेंपर और अन्य उत्पादों का चुनाव कर रहे हैं। दीवारों को आकर्षक बनाने के लिए डिजाइनर पेंट के विकल्प भी मौजूद हैं।

मजदूरों को मिल रहा काम, दिहाड़ी 600 रुपये तक

दीपावली के दौरान रंगाई-पुताई के काम में मजदूरों की मांग भी बढ़ जाती है। पहले 400 से 500 रुपये प्रतिदिन में काम करने वाले मजदूर अब 600 रुपये तक दिहाड़ी ले रहे हैं। ठेके पर काम कराने से मजदूर कम समय में काम पूरा कर देते हैं। दिहाड़ी पर मजदूरों की संख्या के अनुसार काम में समय लगता है। मकान की ऊंचाई और काम की मात्रा के हिसाब से मजदूरी तय होती है। ऐसे में रंगाई-पुताई के काम से जुड़े मजदूरों को दीपावली के मौके पर रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।



Source link

अभी अभी की खबरें