फतेहपुर। पड़ोसी युवक को हमलावरों से बचाने पहुंची पूर्व प्रधान और राज्यमंत्री की बड़ी बहन को हमलावरों ने पीट दिया। बचाने पहुंची पड़ोसी युवक के छोटे भाई की गर्भवती पत्नी को भी पीट दिया। इस दौरान हमलावरों ने राइफल और तमंचे से फायरिंग भी की। इस वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
मलवां थाना क्षेत्र के समशाही सुल्तानपुर गांव निवासी शिवसागर निषाद ने बताया कि रविवार शाम करीब पांच बजे गांव के सनद सिंह गौतम, अभिलाष सिंह गौतम, धनंजय सिंह, लाल सिंह गौतम और रमेश सिंह गौतम समेत आठ अन्य लोगों ने उसे रास्ते में घेरकर पीटना शुरू कर दिया।
इसी दौरान दवा लेकर घर लौट रही पूर्व प्रधान और राज्यमंत्री कृष्णा पासवान की बड़ी बहन रामा देवी ने उसे बचाने का प्रयास किया तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। शोर सुनकर पहुंची छोटे भाई की गर्भवती पत्नी रेशमा को भी बुरी तरह पीट दिया।
शिवसागर का आरोप है कि धनंजय सिंह राइफल और सनद सिंह तमंचा लेकर पहुंचे थे। मारपीट के दौरान हवाई फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि थाने में तहरीर देने के 24 घंटे से अधिक समय बाद भी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।
वहीं दूसरे पक्ष ने आरोपों को निराधार बताते हुए राज्यमंत्री की बहन रामा देवी पर कृषि भूमि पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस संबंध में पहले भी डीएम और एसडीएम बिंदकी से शिकायत की जा चुकी है। राजस्व अभिलेखों में उनके नाम कम जमीन दर्ज होने के बावजूद कब्जे का विवाद बना हुआ है।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि घटना का संज्ञान लेकर क्षेत्राधिकारी को मौके पर जांच के लिए भेजा गया है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

फोटो-07-फतेहपुर: रामादेवी। स्रोत वीडियो ग्रैब– फोटो : Archive

फोटो-07-फतेहपुर: रामादेवी। स्रोत वीडियो ग्रैब– फोटो : Archive

