फतेहपुर। मौसम में बदलाव और तापमान गिरने के साथ बच्चों की सेहत पर खतरा बढ़ने लगा है। खासकर पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों में निमोनिया का जोखिम अधिक रहता है। सर्दी, खांसी और बुखार को सामान्य समझकर नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। समय पर बीमारी की पहचान और उपचार न मिलने पर स्थिति गंभीर हो सकती है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार निमोनिया फेफड़ों का संक्रमण है। इसमें फेफड़ों की छोटी वायु थैलियों में सूजन आ जाती है और उनमें तरल पदार्थ भरने लगता है। इससे बच्चे को सांस लेने में परेशानी होती है। तेज बुखार, खांसी, तेजी से सांस चलना, पसलियों के नीचे सीने का धंसना, दूध पीने में परेशानी और असामान्य सुस्ती इसके प्रमुख लक्षण हैं।

बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मूलचंद्रा ने बताया कि पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों को ठंड से बचाकर रखना चाहिए। मौसम के अनुसार गर्म कपड़े पहनाने के साथ घर के आसपास सफाई का ध्यान रखें। बच्चों को धूल और धुएं से दूर रखें। छह माह तक शिशु को केवल मां का दूध पिलाएं और इसके बाद उम्र के अनुसार पौष्टिक आहार दें। निमोनिया से बचाव के लिए समय पर टीकाकरण भी जरूरी है।

उन्होंने बताया कि बच्चे की सांस तेज चलने, सीने में धंसाव, दूध या पानी पीने में परेशानी अथवा अत्यधिक सुस्ती जैसे लक्षण दिखने पर उसे तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाएं। घरेलू उपचार के भरोसे रहने के बजाय चिकित्सक की सलाह लें। समय पर उपचार मिलने से बीमारी को गंभीर होने से रोका जा सकता है।



Source link