फतेहपुर/बहुआ। घर में घुसकर लूटपाट के दौरान बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में तीसरे दिन भी पुलिस को हत्यारों का ठोस सुराग नहीं मिल सका है। मामले की पड़ताल के लिए पुलिस की एक टीम रविवार को बांदा रवाना हुई।

सीओ अवनीश राय की मौजूदगी में शनिवार रात ललौली कस्बे के 11 संदिग्धों से पूछताछ की गई। हालांकि, रविवार सुबह नौ लोगों को छोड़ दिया गया। एसपी ने घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस टीमों को दो दिन की मोहलत दी थी।

ललौली थाने के सातआना स्थित अलीबाबा मोहल्ले की रहने वाली बिल्किश बेगम (62) की बृहस्पतिवार रात हत्या कर दी गई थी। बदमाश घर में घुसकर कमरे में रखी अलमारियों से नकदी और जेवर लूट ले गए थे। महिला के सिर पर भारी वस्तु से चोट पहुंचाई गई थी और गला कसकर हत्या की गई थी।

पुलिस ने पूछताछ के लिए 11 संदिग्धों को उठाया था। इनमें कस्बे के 52 वर्षीय एक व्यक्ति और घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर रहने वाले एक युवक से विशेष रूप से पूछताछ की गई। हालांकि पूछताछ के बाद दोनों समेत नौ लोगों को जरूरत पड़ने पर थाने आने की हिदायत देकर छोड़ दिया गया। महिला और उसके बेटे की ससुराल बांदा में है। इसी आधार पर पुलिस की एक टीम जांच के लिए बांदा रवाना की गई है।

घटना की शाम बेटे से हुई थी बातचीत

महिला की घटना वाली शाम बड़े बेटे नसीम उर्फ नियाज खान से फोन पर बातचीत हुई थी। नसीम ने बताया कि बृहस्पतिवार को उसकी मां से दो बार कॉल पर बात हुई थी। पहली बार दोपहर 2:30 बजे और दूसरी बार शाम 7:30 बजे बातचीत हुई थी। वह दिवाली पर बच्चों की छुट्टी होने के कारण रविवार को परिवार समेत गांव आने वाला था। चार-पांच दिन रुकने की तैयारी भी पूरी हो चुकी थी। मां ने उससे टोस्ट, कपड़े का आला और साफ-सफाई के लिए फिनाइल लाने को कहा था।

पड़ोसी से दो माह पहले हुई थी कहासुनी

नसीम ने बताया कि करीब दो माह पहले बारिश के दौरान उसकी मां की पड़ोस की एक महिला से कहासुनी हुई थी। मां ने फोन कर उसे इसकी जानकारी दी थी। पड़ोसी महिला ने मकान की दीवार से सटाकर मौरंग का ढेर लगा दिया था। बारिश का पानी रिसकर दीवार के रास्ते मकान में आने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। उसने मां को समझाया था। इसके अलावा मां का किसी अन्य व्यक्ति से कोई विवाद नहीं था।



Source link

अभी अभी की खबरें