किशनपुर। थाना क्षेत्र के लौधौरा गांव में धान खरीद का भुगतान न मिलने से नाराज किसानों ने व्यापारी का धान उठाने पहुंचे मजदूरों को रोक लिया। व्यापारी ने मजदूरों को बंधक बनाए जाने की शिकायत पुलिस से की।
पुलिस के पहुंचने पर किसानों ने पहले धान का भुगतान कराने की मांग उठाई। पुलिस ने किसी तरह किसानों को शांत कराया और कार्रवाई का आश्वासन देकर मजदूरों को घर जाने दिया।
किसानों का आरोप है कि असोथर निवासी व्यापारी राहुल अग्रहरि ने करीब एक महीने पहले 21 अक्तूबर को उनका धान 24.75 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदा था। कुल 1141 बोरी धान की तौल कराकर खेत में रखवा दिया गया, लेकिन किसानों को भुगतान नहीं किया।
बुधवार को व्यापारी ने ट्रैक्टर और मजदूर भेजकर बिना भुगतान किए ही धान का उठान शुरू करा दिया। इस पर किसानों ने मजदूरों को गांव में रोक लिया और पहले बकाया रकम दिलाने की मांग की।
किसानों के मुताबिक, धान खरीदते समय व्यापारी ने दो दिन के अंदर खेत से धान उठवाने और भुगतान करने का आश्वासन दिया था। एक माह बीतने के बाद भी न तो किसानों को रकम मिली और न ही धान का उठान हुआ।
मजदूरों ने फोन पर व्यापारी राहुल अग्रहरि को पूरे मामले की जानकारी दी। इस पर व्यापारी ने मजदूरों को गांव में बंधक बनाए जाने की शिकायत पुलिस से कर दी। बृहस्पतिवार दोपहर विजयीपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों व मजदूरों को चौकी ले आई। हालांकि, व्यापारी वहां नहीं पहुंचे।
किसान अमरचंद का 104 बोरी, कल्लू सिंह का 275 बोरी, मुन्ना पाल का 374 बोरी, रामकृपाल का 65 बोरी, सचिन मौर्य का 39 बोरी, जागेश्वर पटेल का 18 बोरी, कंचन सिंह का 65 बोरी, श्रीकांत मौर्य का 100 बोरी और भूप सिंह का 100 बोरी धान व्यापारी के पास बकाया है।
किसानों का दावा है कि कुल करीब 1141 बोरी धान का भुगतान नहीं किया गया है। मामला शाम को थाने पहुंचा। थानाध्यक्ष मनीष सिंह ने बताया कि पांच मजदूरों को रोका गया था। सभी को घर जाने दिया गया है। व्यापारी शुक्रवार को आएगा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई जाएगी।

