आगरा। दिवाली की खुशियों के बीच कारोबारी के बंद घर पर दो युवकों की खास नजर रही। उन्होंने एक ही दिन में इस घर की तीन बार रेकी की। इसके बाद रात में चोरी को अंजाम देकर भाग निकले। न्यू आगरा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से दोनों को गिरफ्तार किया तो उनसे पूछताछ में यह बात पता चली।

दरअसल, जयराम बाग, दयालबाग निवासी सेल्स कारोबारी जगवीर मौर्या दिवाली पर परिवार संग फरीदाबाद स्थित पैतृक घर गए थे। तीन दिन बाद वह लाैटे तो घर में चोरी हो चुकी थी। उन्होंने 13 नवंबर को थाने में तहरीर दी। पुलिस ने आरोपियों बापू नगर खंदारी निवासी अविनाश उर्फ अजय और थाना अछनेरा के रायभा निवासी इंदल सिंह सिकरवार को गिरफ्तार किया। दोनों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उनकी मुलाकात जेल में हुई थी। जमानत पर बाहर आने के बाद दोनों ने चोरी का एक पक्का फार्मूला अपनाया। वे दिन में बाइक से गलियों में घूमकर बंद घरों की रेकी करते और बाहर ताला लटका देखकर रात के अंधेरे में हाथ साफ कर देते थे।

डीसीपी सिटी रविंद्र कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची। उनके कब्जे से दो लैपटॉप, दो मोबाइल, जेवरात और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई है। जांच में यह भी सामने आया कि इंदल पर पहले से 15 और अविनाश पर 3 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

———



Source link