फतेहपुर। ललौली में महिला की हत्या कर 26 लाख रुपये की नकदी और जेवर लूटने के मामले में पुलिस अब तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। जांच के दौरान स्थानीय कुख्यात अपराधी फहीम का नाम सामने आया है।
पुलिस उसके संरक्षणदाता एक प्रधान की तलाश कर रही है। प्रधान के भाई और अन्य करीबियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस को आशंका है कि वारदात में स्थानीय बदमाशों के साथ पूर्वांचल के गिरोह का भी हाथ हो सकता है।
ललौली थाना क्षेत्र के अलीबाबा मोहल्ला निवासी बिल्किश बेगम (62) की पांच नवंबर की रात हत्या कर बदमाश 26 लाख रुपये की नकदी और जेवर लूट ले गए थे। मुंबई से लौटे उनके बड़े बेटे नसीम खान उर्फ नियाज खान की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। तभी से पुलिस की कई टीमें मामले की जांच में जुटी हैं।
जांच के दौरान ललौली के कुख्यात अपराधी फहीम का नाम सामने आया है। बताया जा रहा है कि उसकी ससुराल बांदा जिले में है। करीब एक साल पहले उसे साथियों के साथ लूट के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। उस पर इनाम भी घोषित था।
कुछ माह पहले उसके जेल से छूटने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब उसके संपर्कों और स्थानीय नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। पुलिस के मुताबिक, फहीम वारदात से पहले ठिकाने की रेकी कर गिरोह के सदस्यों को बुलाता था।
इसके बाद पूर्वांचल के आजमगढ़, वाराणसी, गाजीपुर, मऊ और जौनपुर के बदमाशों के साथ घटनाओं को अंजाम देता था। करीब सात साल पहले जाफरगंज थाना क्षेत्र में भी इसी गिरोह ने एक सराफ को गोली मारकर लूट की वारदात की थी। सीओ अवनीश राय ने बताया कि पुलिस टीमें मामले की जांच कर रही हैं। फिलहाल कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।

