फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने पति समेत पांच ससुरालीजन पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पीड़ित महिला ने बताया कि उसकी शादी 18 अप्रैल 2025 को कल्यानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद वह मुंबई में रहने लगी। शादी में पिता ने 15 लाख रुपये नकद और गृहस्थी का सामान दिया था। इसके बावजूद पति राहुल, सास ममता, ससुर उदयभान सिंह और देवर कौशल व ऋषभ सिंह व्यवसाय के लिए आठ लाख रुपये अतिरिक्त मांगने लगे।

आरोप है कि 25 मार्च को घर में अकेला पाकर देवर कौशल ने अभद्रता की। पति से शिकायत की तो उसने पीट दिया। एक मई को पति घुमाने के बहाने उसे मलवां छोड़ गया। तीन मई को फिर मारपीट कर आठ लाख रुपये लाने का दबाव बनाया।

मांग पूरी न होने पर तलाक देकर दूसरी शादी करने की धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक रमाशंकर सरोज ने बताया कि पति समेत पांच ससुरालीजन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।



Source link