फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में महिला से लूट में सर्राफ समेत सात आरोपियों को पुलिस ने महरहा चौराहे से बुधवार को गिरफ्तार किया है। महिला के भतीजे ने ही पूरी साजिश रची थी।
पुलिस लाइन में एएसपी जीपी राय ने बताया कि आरोपियों में साजिशकर्ता बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के कोइइयां निवासी भतीजे जीत बहादुर, मलवां थाना क्षेत्र के ओखरा कुंवरपुर गांव निवासी देवाशीष उर्फ देवा, सत्यम, ज्ञान प्रकाश, कल्यानपुर थाना क्षेत्र के मानपुर गांव निवासी दुर्गेश उर्फ लाल, मलवां थाना क्षेत्र के उमरगहना गांव निवासी नीलू कुमार व लूट के जेवर खरीदने के आरोपी जहानाबाद कस्बा निवासी सराफा कारोबारी आदित्य सोनकर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास लूटे गए जेवर, 20 हजार रुपये की नकदी व सात मोबाइल बरामद किया है। टीम को 25 हजार का इनाम दिया है।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के पांडेयपुर मजरे जाफराबाद गांव निवासी किशनचंद्र की पत्नी अंजना देवी कोर्रइयां गांव निवासी भतीजे जीत बहादुर के साथ शादी समारोह से बाइक में रविवार रात घर लौट रही थी। जीत बहादुर की साजिश के तहत साथी रास्ते में मिले थे और महिला से जेवर, नकदी लूट ले गए थे।
साथी दुर्गेश लूट की हाफपेटी बिंदकी निवासी सराफा कारोबारी जय सोनी की दुकान में मां की बीमारी बताकर 18 हजार रुपये में गिरवी रख आया था। वहीं देवा जहानाबाद निवासी आदित्य सोनकर की दुकान में गले का हार एक लाख 20 हजार रुपये में बेच आया था। 20 हजार रुपये लेने के बाद एक लाख रुपये बाद में देना तय हुआ था। पुलिस ने आरोपी सर्राफ आदित्य सोनकर के पास हार बरामद कर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने माना कि जय सोनी ने बिना किसी लालच के जेवर गिरवी रखा था। उसे क्लीन चिट दी है।
पूछताछ में जीत बहादुर ने पुलिस को बताया कि उसकी बाइक की किस्तें बकाया थीं। मां की बीमारी के इलाज के लिए कई लोगों से कर्ज लिया था। मौसी अंजना देवी भारी जेवरात पहनती थी। जेवर उतारकर पन्नी में डिब्बे में रख लेती थी। कर्ज व बाइक की किस्त चुकाने के लिए साथियों के साथ लूट की योजना बनाई थी। शादी से लौटते समय घटनास्थल के पास बाइक का इंडिकेटर जलाकर साथियों को बुलाया था। साथी ज्ञान प्रकाश घटनास्थल पर आने-जाने वालों की रेकी कर रहा था। अन्य साथियों ने लूट की थी। आरोपियों को कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा गया है।
