फोटो 39- रघुनाथ प्रसाद पांडेय फाइल फोटो
– छह पर आरोप, पौत्र ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के सरायं शहजादा गांव में चबूतरा तोड़ने को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट में घायल बुजुर्ग की मेडिकल कॉलेज अल्लीपुर में मंगलवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन ने गांव के ही छह लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सरायं शहजादा निवासी रघुनाथ प्रसाद पांडेय (70) मूलरूप से बेहटा गांव के रहने वाले थे। वह निजी विद्यालय में शिक्षक थे। करीब 50 वर्ष पहले ससुराल में संपत्ति मिलने के बाद यहीं बस गए थे। उनके पौत्र नितिन पांडेय के अनुसार, पांच नवंबर को चबूतरा तोड़ने को लेकर पड़ोसी पक्ष से विवाद हुआ था। आरोप है कि इस दौरान छह लोगों ने बाबा के साथ मारपीट की। सूचना पर यूपी-112 की टीम पहुंची थी। दोनों पक्ष थाने गए, जहां पुलिस ने समझौता करा दिया। नितिन का आरोप है कि मारपीट में बाबा गंभीर रूप से घायल हो गए थे और चलने-फिरने में असमर्थ थे। हालत बिगड़ने पर नौ नवंबर की शाम उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जांच में कमर के नीचे फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। मंगलवार रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पौत्र ने आरोप लगाया कि मौत की सूचना देने थाने पहुंचने पर पुलिस ने बीमारी से मौत होने की बात लिखकर देने को कहा। उधर, सीओ सिटी गौरव शर्मा ने बताया कि आरोपों की जांच कराई जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई होगी। मेडिकल कॉलेज के आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. सुजीत कुमार ने बताया कि बुजुर्ग को फ्रैक्चर के कारण भर्ती किया गया था। उनका ऑपरेशन होना था। भर्ती के समय कोई समस्या नहीं थी। अचानक मौत का कारण हार्ट अटैक हो सकता है।

