असोथर। सीएचसी सराय खालिस और पीएचसी असोथर में सोमवार को सीएमओ ने निरीक्षण किया। दोनों केंद्रों पर कई चिकित्सक और कर्मचारी अनुपस्थित मिले। पीएचसी असोथर में प्रसव सुविधा बंद होने पर सीएमओ ने मीटिंग हॉल में दीवार खड़ी कर प्रसव कक्ष तैयार कराने के निर्देश दिए। वहीं अनुपस्थित मिले चिकित्सकों और कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने की कार्रवाई की।
सीएमओ डॉ. यूबी सिंह सुबह 10 बजे सीएचसी सराय खालिस पहुंचे। यहां अधीक्षक डॉ. देवराज, डॉ. अक्षरा, डॉ. पूनम, डॉ. शिवानी और बाबू वीरेंद्र अनुपस्थित मिले। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। सीएचसी में प्रसव सेवाएं संचालित मिलीं, लेकिन डिलीवरी रूम की व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए।
इसके बाद सुबह 10:45 बजे वह पीएचसी असोथर पहुंचे। यहां ऋतिक श्रीवास्तव, डीईओ रितेक, डीईओ सुफियान, डीईओ कुलदीप और एसटीएलएम अनुपस्थित मिले। पीएचसी में प्रसव सुविधा बंद होने के कारण क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों का रुख करना पड़ रहा है।
इस समस्या के समाधान के लिए सीएमओ ने मीटिंग हॉल में दीवार खड़ी कर प्रसव कक्ष तैयार कराने को कहा, ताकि स्थानीय महिलाओं को प्रसव की सुविधा मिल सके। उन्होंने दोनों केंद्रों पर स्वास्थ्य सेवाएं दुरुस्त करने और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

