जाफरगंज (फतेहपुर)। थाना क्षेत्र के भारतपुर गांव में शुक्रवार रात सूखे कुएं में गिरे नरेंद्र कुशवाहा (40) की मौत के बाद शनिवार सुबह जमकर हंगामा हुआ। पुलिस के खदेड़ने से मची भगदड़ में नरेंद्र के कुएं में गिरने का आरोप लगाते हुए परिजन और ग्रामीण शव लेकर थाने पहुंच गए।

गेट पर शव रखकर करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने मेले के पास संचालित शराब की दुकानों को हटाने की मांग भी उठाई। हालांकि पुलिस की जांच में खदेड़ने की पुष्टि नहीं हुई।

आसपास के लोगों के बयान और दुकान के सीसीटीवी फुटेज में भी ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई। बाद में परिजन ने अंधेरे के चलते कुएं में गिरने से मौत होने की तहरीर दी। प्रशासन की ओर से पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद का आश्वासन मिलने पर मामला शांत हुआ।

भारतपुर गांव निवासी नरेंद्र कुशवाहा शुक्रवार शाम कस्बे में लगे मेले में गांव के ही रोहित निषाद के साथ बाइक से गया था। देर शाम मेले की सुरक्षा व्यवस्था देखने थाने से पुलिसकर्मी जीप का सायरन बजाते हुए पहुंचे। मेला स्थल से करीब 50 मीटर दूर नशेड़ियों के हंगामे की सूचना पर पुलिस वहां पहुंची थी।

आरोप है कि पुलिस के खदेड़ने पर नरेंद्र कुछ दूरी पर पूर्व प्रधान अमरनाथ सोनकर के सूखे कुएं में गिर गया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से उसे कुएं से बाहर निकलवाया और सीएचसी भिजवाया। हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में रमादेवी के पास शनिवार रात करीब एक बजे उसकी मौत हो गई।

हादसे से नाराज परिजन और ग्रामीण शनिवार सुबह करीब आठ बजे शव लेकर थाने पहुंच गए। गेट पर शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि मेला स्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर शराब की दुकानें संचालित हैं।

मेला पंडित नेहरू इंटर कॉलेज में लगता है। नशे में धुत लोग महिलाओं और छात्राओं से अभद्रता करते हैं। इसी माहौल के बीच पुलिस पहुंची और भगदड़ में हादसा हो गया। ग्रामीणों ने शराब की दुकानों को गांव से हटवाने की मांग उठाई।

सूचना पर सीओ अवनीश कुमार राय और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय मौके पर पहुंचे। एएसपी ने परिजन को जांच का आश्वासन देकर शांत कराया। करीब 10 बजे पुलिस शव को कब्जे में ले सकी।

छोटे भाई नागेंद्र सिंह ने पुलिस को अंधेरे के चलते कुएं में गिरने से मौत होने की तहरीर दी। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बवाल की आशंका पर बिंदकी, गाजीपुर, चांदपुर और ललौली थाने का पुलिस बल भी पहुंच गया।

एएसपी ने बताया कि पुलिसकर्मी मेले में सुरक्षा व्यवस्था की ड्यूटी पर जा रहे थे। रास्ते में कुछ लोग शराब पी रहे थे। पुलिस के टोकने पर उनके भागने की जानकारी मिली है, लेकिन पीछा कर खदेड़ने की बात सामने नहीं आई है।



Source link

अभी अभी की खबरें